Site icon Buziness Bytes Hindi

नीरा टंडन ने बजट निदेशक के रूप में नामांकन वापस लिया


नीरा टंडन ने बजट निदेशक के रूप में नामांकन वापस लिया

वाशिंगटन: भारत से ताल्लुक रखने वाली नीरा टंडन ने व्हाइट हाउस ऑफिस ऑफ मैनेजमेंट ऐंड बजट के निदेशक पद के लिए किया गया अपना नामांकन वापस ले लिया। सत्तारूढ़ दल और प्रशासन सीनेट में उनके नामांकन की पुष्टि करने के लिए पर्याप्त वोट जुटाने में विफल रहे थे। टंडन को कई सांसदों के खिलाफ ट्वीट करने पर विरोध का सामना करना पड़ रहा था।

बाइडन द्वारा नामित किसी व्यक्ति की पहली हार
नामांकन वापस लेने के टंडन के कदम को बाइडन ने स्वीकार कर लिया है और संकेत दिए हैं कि उन्हें किसी अन्य पद पर प्रशासन में वापस लाया जा सकता है। बाइडन द्वारा नामित व्यक्तियों में वह पहली हैं जिन्हें हार का सामना करना पड़ा है। कैबिनेट के लिए नामित 23 में से 11 व्यक्तियों के नामों की पुष्टि हो चुकी है, ज्यादातर को दोनों दलों का मजबूत समर्थन प्राप्त हुआ है। बाइडन ने एक वक्तव्य में कहा, ‘‘ऑफिस ऑफ मैनेजमेंट ऐंड बजट के निदेशक पद के लिए किए गए नामांकन को वापस लेने के नीरा टंडन के अनुरोध को मैंने स्वीकार कर लिया है।”

मिल सकती है कोई और भूमिका
बाइडेन ने कहा, ‘‘मैं उनके अनुभव, कौशल और विचारों का बहुत सम्मान करता हूं और चाहता हूं कि मेरे प्रशासन में उनकी कोई भूमिका हो।” इससे पहले बाइडन को लिखे पत्र में टंडन ने कहा था, ‘‘इस भूमिका के लिए मेरे नाम पर विचार होना, मुझमें इतना भरोसा दिखाना सम्मानजनक बात है। मैं यह पत्र ऑफिस ऑफ मैनेजमेंट ऐंड बजट के निदेशक पद के लिए किया गया अपना नामांकन वापस लेने के लिए लिख रही हूं।” टंडन ने अपने नामांकन की पुष्टि की प्रक्रिया आरंभ होने से पहले कथित तौर पर अपने एक हजार से अधिक ट्वीट हटा दिए थे। पिछले महीने पुष्टि की सुनवाई के दौरान उन्होंने सीनेटरों से माफी भी मांगी थी।

Exit mobile version