Site icon Buziness Bytes Hindi

..तो खेल रत्न को 25 और अर्जुन अवार्डी को मिलेंगे 15 लाख रुपए


..तो खेल रत्न को 25 और अर्जुन अवार्डी को मिलेंगे 15 लाख रुपए

नई दिल्ली. खेल मंत्रालय राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों की इनामी राशि में भारी बढ़ोतरी करने की योजना बना रहा है और अगर इस तरह के प्रस्ताव को मंजूरी मिल जाती है तो खेल रत्न पाने वाले खिलाड़ी को 25 लाख तथा अर्जुन पुरस्कार विजेता को 15 लाख रुपये की धनराशि मिलेगी. वर्तमान में खेल रत्न सम्मान पाने वाले खिलाड़ी को 7.5 लाख और अर्जुन पुरस्कार विजेता को पांच लाख रुपये की नकद धनराशि मिलती है. पता चला है कि मंत्रालय इस प्रस्ताव को अंतिम रूप देने में लगा हुआ है जिसकी खेल मंत्री किरन रिजिजू 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस के दिन औपचारिक घोषणा कर सकते हैं. इसी दिन हर साल राष्ट्रीय खेल पुरस्कार दिए जाते हैं.

प्रस्ताव पर चल रहा विचार
खेल मंत्रालय के सूत्रों ने कहा, ‘राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों की इनामी राशि में महत्वपूर्ण बढ़ोतरी होनी तय है. इस संबंध में एक प्रस्ताव तैयार किया गया है. खिलाडिय़ों ने शिकायत की थी कि खेल पुरस्कारों की इनामी राशि बहुत कम है जिसके बाद मंत्री ने स्वयं इसमें दिलचस्पी दिखाई. इस प्रस्ताव पर अब भी विचार चल रहा है और अगर सरकार ने इसे स्वीकार कर दिया तो इस साल से ही नई इनामी राशि दी जाएगी. ‘इस संबंध में हालांकि जब खेल सचिव रवि मित्तल से संपर्क किया गया तो उन्होंने कहा कि वह इस तरह के किसी प्रस्ताव से अवगत नहीं हैं. उन्होंने कहा, ‘मुझे पता नहीं. मैं कुछ नहीं जानता.’

ध्यानचंद और द्रोणाचार्य अवार्ड की राशि में भी होगा इजाफा
ध्यानचंद और द्रोणाचार्य लाइफटाइम पुरस्कारों की इनामी राशि भी पांच लाख से 15 लाख रुपये करने का प्रस्ताव है. इसके अनुसार रेगुलर द्रोणाचार्य पुरस्कार की इनामी राशि 10 लाख रुपये कर दी जाएगी. अभी यह लाइफटाइम के समान ही पांच लाख रुपये है. अगर प्रस्ताव मंजूर करके 29 अगस्त से पहले लागू कर दिया जाता है तो सरकार को इस बार पुरस्कारों पर मोटी धनराशि खर्च करनी होगी क्योंकि खेल मंत्रालय की चयन समिति ने विभिन्न राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों के लिए 62 नामों की सिफारिश की है.

Exit mobile version