Site icon Buziness Bytes Hindi

जेल में कोरोना संक्रमण रोकने का प्लान तैयार, डीएम ने किया निरीक्षण


जेल में कोरोना संक्रमण रोकने का प्लान तैयार, डीएम ने किया निरीक्षण

बुलंदशहर। जिला कारागार में बन्द बन्दियों में कोरोना संक्रमण रोकने के लिए डीएम और एसएसपी ने जिला कारागार का निरीक्षण किया। बता दें कि जिला कारागार में 48 बंदियों को कोरोना की पुष्टि हुई है। इसके बाद जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग एहतियाती कदम उठाने में।लगा हुआ है।

डीएम ने जेल अधीक्षक को निर्देश दिए कि सिम्टोमेटिक पॉजिटिव बन्दियों को अलग बैरक और अहाता में रखा जाये। ए सिम्टोमेटिक पॉजिटिव बन्दियों के लिए एक अस्थाई जेल बनाई जाए। उन्होंने जिला कारागार में गंभीर बीमारी से ग्रसित, बुजुर्ग, कमजोर और कारागार अस्पताल में भर्ती बन्दियों और सिम्टोमेटिक बंदियों का कोरोना टेस्ट कराने के निर्देश दिये।

डीएम ने कारागार में गेट कीपर, पीसीओ टेलीफोन ड्यूटी, वीसी कक्ष, लाईब्रेरी एवं बन्दियों की व्यवस्थाओं में तैनात कर्मियों की जांच कराने के निर्देश दिये। पॉजिटिव बन्दियों की बैरक में तैनात स्टाफ, कारागार में अस्पताल के कर्मियों को 14 दिन की रोस्टरवार ड्यूटी पर लगाते हुए उन्हें परिवार से अलग स्थान पर रखने की व्यवस्था की जाये। 14 दिन की ड्यूटी कराने के उपरान्त एक सप्ताह बाद उनका कोरोना टेस्ट कराकर घर भेजा जाये। जेल अधीक्षक को निर्देशित करते हुए कहा कि बन्दियों की पेशी शत प्रतिशत वीसी के माध्यम से कराई जाए और बन्दियों में सोशल डिस्टेंसिंग बनाये रखने का विशेष ध्यान रखा जाये।

जिलाधिकारी ने जेल में बन्दियों के प्रबन्धन के लिए तैनात समस्त कर्मियों को निर्देशित किया कि वह कोरोना से बचाव के लिए सभी सुरक्षा उपाय अपनाए एवं अपने परिवार से अलग रहते हुए 14 दिन की ड्यूटी रोस्टर बनाकर करें। उसके उपरान्त 7 दिन परिवार से पृथक रहकर अपना टेस्ट कराने के उपरान्त ही परिवार में जायें। रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए आयुर्वेदिक काढ़ा, गिलोय, तुलसी, नींबू पानी, दूध हल्दी आदि का उपयोग किया जाये।

उन्होंने कहा कि बन्दियों के लिए बाहर से आने वाले खाने के सामान को 24 घण्टे के उपरान्त ही बन्दियों को उपलब्ध कराया जाये तथा खाने का सामान प्राप्त करने वाला स्टाफ सामान प्राप्त कर अपने हाथों आदि को अच्छी प्रकार से सेनेटाइज करना सुनिश्चित करें।

जिला कारागार की रसोई का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने जेल अधीक्षक को निर्देश दिये कि रसोई में कार्य करने वाले बन्दियों का टेस्ट कराया जाये। रसोई में सोशल डिस्टेंसिंग बनाये रखते हुए खाना तैयार कराया जाये। उन्होंने रोटी बनाने की मशीन कारागार में प्राप्त हो जाने के उपरांत अभी तक स्थापित नहीं कराये जाने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए इस मशीन को तत्काल क्रियाशील करने के निर्देश दिये, ताकि कम बन्दियों से ही रोटियां तैयार हो सके। निरीक्षण के समय जेल अधीक्षक ओ0पी0 कटियार, जेलर सहित कारागार के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Exit mobile version