वेस्टइंडीज के खिलाफ तीसरे टेस्ट में शानदार प्रदर्शन करने वाले स्टुअर्ट ब्रॉड को आईसीसी रैंकिंग में सात स्थानों का फायदा हुआ है. वह बॉलर्स की लिस्ट में तीसरी पोजीशन पर आ गए हैं. ब्रॉड ने तीसरे टेस्ट मैच में 67 रन देकर 10 विकेट चटकाने के साथ करियर के 500 विकेट भी पूरे किए. ब्रॉड ने अगस्त 2016 के बाद अपनी सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग हासिल की है. तब भी वह तीसरे स्थान पर थे.
स्मिथ की बादशाहत बरकरार
ब्रॉड ने पहली पारी में 45 गेंद में 62 रन की तेजतर्रार पारी खेली जिससे बल्लेबाजी रैंकिंग में भी उन्हें सात स्थान का फायदा हुआ. ब्रॉड आलराउंडरों की सूची में भी तीन स्थान के फायदे से 11वें स्थान पर पहुंच गए है. आईसीसी रैंकिंग में स्टीव स्मिथ टॉप पर बने हुए हैं. भारतीय खिलाडिय़ों की बात की जाए तो स्टीव स्मिथ के बाद बल्लेबाजी की लिस्ट में विराट कोहली का नाम हैं. जबकि चेतेश्वर पुजारा और अजिंक्य रहाणे क्रमश: सातवें और नौवें स्थान पर हैं.
इनको भी हुआ फायदा
आलराउंडर्स की लिस्ट मेंं रविंद्र जडेजा और रविचंद्रन अश्विन क्रमश: तीसरे और पांचवें स्थान पर हैं. भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह हालांकि एक स्थान के नुकसान से आठवें स्थान पर खिसक गए हैं. वेस्टइंडीज की दूसरी पारी में पांच विकेट चटकाने वाले तेज गेंदबाज क्रिस वोक्स करियर के सर्वश्रेष्ठ 654 रेटिंग अंक के साथ 20वें स्थान पर पहुंच गए हैं. इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाज रोरी बन्र्स 13 स्थान के फायदे से 17वें स्थान पर पहुंच गए हैं. ओली पोप करियर की सर्वश्रेष्ठ 46वीं रैंकिंग पर पहुंच गए हैं. उन्हें 24 स्थान का फायदा हुआ.
स्टुअर्ट ब्रॉड का शानदार करियर
बॉलिंग
मैच रन दिए विकेट
टेस्ट 140 14002 501
वनडे 121 5364 178
टी-20 56 1491 65
बैटिंग
मैच रन
टेस्ट 140 3284
वनडे 121 529
टी-20 56 118
युवराज बोले- मजाक न उड़ाएं, करें तारीफ
भारतीय टीम के पूर्व खिलाड़ी युवराज सिंह ने बुधवार को इंग्लैंड के तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड की जमकर तारीफ की. युवराज ने साथ ही सोशल मीडिया पर अपने प्रशंसकों से अपील की है कि वह 2007 टी-20 वल्र्ड कप में ब्रॉड द्वारा छह छक्के खाने को लेकर उनका मजाक न बनाएं. युवराज ने कहा, मैं जब भी ब्रॉड के बारे में कुछ लिखता हूं तो लोग उसे छह छक्कों से जोड़ देते हैं. आज मैं अपने सभी प्रशंसकों से अपील करता हूं कि उन्होंने जो हासिल किया है उसकी तारीफ करें. उन्होंने लिखा, 500 विकेट मजाक नहीं हैं, इसके लिए कड़ी मेहनत, समर्पण और प्रतिबद्धता चाहिए. ब्रॉड आप महान हो. सलाम आपको. ब्रॉड ने वेस्टइंडीज के खिलाफ खेले गए तीसरे टेस्ट मैच के आखिरी दिन ब्रैथवेट को आउट कर टेस्ट क्रिकेट में अपने 500 विकेट पूरे किए.
ब्रॉड के पास 700 विकेट लेने का मौका: वार्न
ऑस्ट्रेलिया के शेन वार्न भी ब्रॉड के मुरीद हो गए हैं. उन्होंने कहा कि ब्रॉड के पास 700 टेस्ट विकेट लेने का मौका है. ब्रॉड ने वेस्टइंडीज के खिलाफ खेले गए तीसरे टेस्ट मैच के पांचवें दिन क्रैग ब्रैथवेट को आउट कर टेस्ट क्रिकेट में अपने 500 विकेट पूरे कर लिए. वह ऐसा करने वाले दुनिया के सातवें और इंग्लैंड के दूसरे गेंदबाज है. वार्न ने ब्रॉड के प्रशंसा करते हुए ट्वीट किया, जीत पर और 500 विकेट लेने पर बधाई साथी, वो भी सिर्फ 34 साल में, आपके पास काफी समय है, 700 से ज्यादा विकेट लेने का. टेस्ट में सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में मुथैया मुरलीधरन पहले स्थान पर और वार्न दूसरे नंबर हैं.

