न्यूयॉर्क। दो बार की चैंपियन अमेरिका की दिग्गज महिला टेनिस खिलाड़ी सेरेना विलियम्स यहां जारी वेस्टर्न एंड सदर्न टूर्नामेंट में उलटफेर का शिकार होकर बाहर हो गई हैं. 13वीं वरीय मारिया सकारी ने अपना शानदार प्रदर्शन करते हुए सेरेना को मात देकर क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह पक्की की.
कोंटा से होगा सामना
सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए सकारी का सामना ब्रिटेन की नंबर एक खिलाड़ी जोहान कोंटा से होगा. अपने दौर के मुकाबले में अमेरिका की उभरती हुई खिलाड़ी कोको गॉफ को हराने वाली सकारी ने दो घंटे 17 मिनट तक चले मुकाबले में 23 बार की ग्रैंडस्लैम चैंपियन सेरेना को 5-7, 7-6, 6-1 से शिकस्त दी.
सकारी ने जीत के बाद कहा, ‘मुझे अब भी इसका अहसास नहीं है. यह एक सुखद अहसास है क्योंकि विलियम्स मेरे जैसी उभरती हुई खिलाडिय़ों की एक रोल मॉडल है और उन्होंने अब तक जो कुछ भी हासिल किया है वह बहुत बड़ा है.

क्वार्टर फाइनल में पहुंचे जोकोविक
सर्बिया के नोवाक जोकोविक ने वेस्टर्न एंड सदर्न टेनिस टूर्नामेंट में अमेरिका के गैरवरीय टेनेस सैंडग्रेन को सीधे सेटों में हराकर 2020 में अपनी जीत का रिकॉर्ड 20-0 (जीत-हार) पर पहुंचा दिया. विश्व के नंबर एक खिलाड़ी जोकोविक ने यह मैच 6-2, 6-4 से आसानी से जीत लिया. जोकोविक क्वार्टर फाइनल में 34वीं रैंकिंग के जॉन लेनार्ड स्टर्फ से भिड़ेंगे.
एक अन्य क्वार्टर फाइनल में मौजूदा चैंपियन डेनिल मेदवेदेव का सामना आठवीं वरीयता प्राप्त राबर्टो बातिस्ता आगुट से होगा. अन्य मैचों में छह फुट 11 इंच लंबे अमेरिकी खिलाड़ी रीली ओपेलका ने माटो बेराटिनी को 6-3, 7-6 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई, जहां उनका सामना स्टेफानोस सितसिपास से होगा, जिन्होंने जॉन इस्नर को 7-6, 7-6 से पराजित किया. तीन बार के ग्रैंडस्लैम चैंपियन एंडी मरे को हार का सामना करना पड़ा. उन्हेंं मिलोस राओनिक ने 6-2, 6-2 से सीधे सेटों में शिकस्त दी.

