Site icon Buziness Bytes Hindi

अयोध्या में राम जन्मभूमि पूजन पर सुरक्षा बलों और ड्रोन कैमरे की निगरानी में रहा पूरा मेरठ


अयोध्या में राम जन्मभूमि पूजन पर सुरक्षा बलों और ड्रोन कैमरे की निगरानी में रहा पूरा मेरठ

छावनी में हुआ तब्दील छह जोन और 15 सेक्टर में बंटा जिला,

कमिश्नर, एडीजी, आईजी ने स्वयं संभाली कमान, मजिस्ट्रेटों की हुई तैनाती

मेरठ। अयोध्या में बुधवार को रामलला के मंदिर के लिए भूमि पूजन हंसी-खुशी के माहौल के बीच सकुशलता पूर्वक संपन्न हो गया। इस दौरान मेरठ जिले को भी छावनी में तब्दील करते हुए अधिकारी हर स्थिति से निपटने के लिए सड़क पर मुस्तैद रहे। शहर में संवेदनशील इलाकों की ड्रोन कैमरों से निगरानी की गई।

कमिश्नर अनीता सी मेश्राम, एडीजी राजीव सब्बरवाल, आईजी प्रवीण कुमार, डीएम अनिल ढींगरा और एसएसपी अजय साहनी सहित जिले के तमाम आला अधिकारी बुधवार को बेगमपुल पर पहुंचे। अधिकारियों ने शहर में राउंड लेते हुए सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। आईजी प्रवीण कुमार ने बताया कि शहर में सभी धर्मों के गणमान्य व्यक्तियों के प्रयास से शांति-व्यवस्था पूरी तरह कायम रही। आला अधिकारी पेट्रोलिंग करते हुए भ्रमणशील रहकर शहर की हर गतिविधि पर नजर बनाए रहे।


आईजी ने बताया कि पुलिस की साइबर टीम सोशल मीडिया पर पूरी तरह नजर बनाए हुए हैं। इस दौरान भड़काऊ पोस्ट डालने वाले कई लोगों के खिलाफ कार्रवाई भी की गई है। डीएम अनिल ढींगरा ने बताया कि जिले को छह जोन और 15 सेक्टर में बांटते हुए मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। इसी के साथ पुलिस और मजिस्ट्रेट शहर में लगातार पेट्रोलिंग कर रहे हैं। उन्होंने बताया प्रशासन ने सभी व्यक्तियों से बुधवार की शाम अपने घर में ही दिए जलाने और उत्सव मनाने की अपील की है। उन्होंने दावा किया कि गड़बड़ी फैलाने वालों के खिलाफ प्रशासन सख्ती के साथ निपटेगा।

Exit mobile version