Site icon Buziness Bytes Hindi

महामारी के दौरान लोगों ने योग का वास्तविक मूल्य जाना


महामारी के दौरान लोगों ने योग का वास्तविक मूल्य जाना

मेरठ। आयुष मंत्री श्रीपद वाई नाईक ने कहा है कि कोविड महामारी के दौरान, योग जो भारत द्वारा दुनिया को दिया गया एक उपहार है, ने लोगों को न केवल शारीरिक बल्कि मानसिक स्वास्थ्य को भी प्रबंधित करने में मदद की है।

उन्होंने कोविड-काल में द योगा इंस्टीट्यूट मुंबई द्वारा शुरू की गयी पहलों और व्यक्ति व समाज के प्रति 102 वर्षों से उनकी सतत समर्पित सेवा के लिए ही द योगा इंस्टीट्यूट मुंबई की प्रशंसा की। इस अवसर पर मंत्री नाईक ने द योगा इंस्टीट्यूट के मेडिटेशन एप्प, निस्पंद को भी साॅफ्ट-लाॅन्च किया।

द योगा इंस्टीट्यूट के 102 वर्ष पूरे होने पर आयोजित वर्चुअल मीट के मुख्य अतिथि आयुष मंत्री श्रीपद वाई नाईक ने अपने संबोधन मे कहा कि वर्षों से दुनिया भर के लोगों की उत्कृष्ट सेवा में समर्पित द योगा इंस्टीट्यूट के समर्पण, ईमानदारी और सत्य-निष्ठा से योग की अनमोल भारतीय परंपराओं को संरक्षित रखने और दुनिया भर के लोगों के दैनिक जीवन में बदलाव लाने में मदद मिल रही है। मंत्री नाईक ने कहा, कोविड-19 के इस मुश्किल समय में, लोगों ने योग के वास्तविक मूल्य को जानना शुरू किया है। उन्होंने आने वाले समय में निस्पंद एप्प लाॅन्च करने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा, यह एप्प ध्यानाभ्यास की कुंजी आपकी मुट्ठी में उपलब्ध करायेगा।

डाॅ. हंसा जे योगेन्द्र, निदेशक, द योगा इंस्टीट्यूट ने समाज, राष्ट्र एवं विश्व की सेवा में समर्पित द योगा इंस्टीट्यूट के 102 वर्ष पूरे होने पर आयोजित समारोह में शामिल हुए मंत्री श्रीपद वाई नाईक व अन्य सभी गणमान्य अतिथियों का आभार व्यक्त किया।

मेडिटेशन एप्‍प, निस्‍पंद लॉन्‍च किया गया

माननीय मंत्री श्री श्रीपद वाई नाईक ने द योगा इंस्‍टीट्यूट के मेडिटेशन एप्‍प, निस्‍पंद के बारे में बताया, जो ध्‍यानाभ्‍यासियों व छात्रों के लिए अत्‍यंत ज्ञानप्रद व सहायक है. इसमें प्रत्‍येक स्थिति में ध्‍यानाभ्‍यास हेतु मार्गदर्शन प्रदान करने वाले वीडियोज की लाइब्रेरी है। यह एप्‍प एंड्रॉयड, आईओएस और इंटरनेट पर उपलब्‍ध होगा।

Exit mobile version