Gujarat Chunavi Dangal- गुजरात में आज बंदरगाह पर पीपापोव के कंटेनर से 600 करोड़ की हेरोइन बरामद हुई गुजरात में बंदरगाहों पर बड़ी मात्रा ड्रग्स की बरामदगी की यह कोई पहली घटना नहीं। पिछले कुछ सालों से अरबों रूपये की ड्रग्स गुजरात में बरामद हो चुकी है और अब निश्चित रूप से आने वाले विधानसभा चुनाव में यह एक बड़ा मुद्दा बनने वाली है, वैसे तो भाजपा विरोधी पार्टियों ने इस मुद्दे को उठाना शुरू भी कर दिया है लेकिन कांग्रेस पार्टी के कार्यवाहक अध्यक्ष और पाटीदार समुदाय के बड़े नेता हार्दिक पटेल ने आज ट्विटर अकाउंट पर एक पोस्ट के ज़रिये इस बात के संकेत दिए हैं कि उड़ता पंजाब की तरह उड़ता गुजरात भी चुनावी मुद्दा बनेगा।
Also Read : Gujarat chunavi dangal:- कौन बनेगा गुजरात का राजा , यह तय करता है केवल एक वोट बैंक
हार्दिक ने अंग्रेजी में एक खत लिखा जिसमें लोगों को नशे के खतरे के प्रति आगाह किया गया है, हार्दिक ने कहा, नशे के खतरे से लड़ने के लिए समाज को एक साथ आना होगा। हमें अपना भविष्य सुरक्षित करने के लिए यह जंग जीतनी है। वैसे तो यह समाज को बुराई से बचाने की एक नेक अपील है लेकिन सभी जानते हैं कि राजनेता की हर अपील के पीछे कोई न कोई चुनावी मंशा ज़रूर छुपी होती है. हार्दिक ने पत्र में पंजाब का भी ज़िक्र किया जहाँ नशे ने नौजवान नस्ल को बर्बाद करके रख दिया।
हार्दिक का पूरा पत्र पढ़ने से ऐसा कहीं नहीं लगेगा कि इसमें कोई राजनीति है, लेकिन राजनीति में सब टाइमिंग का खेल होता है, हार्दिक देश के युवा धन और सपनो के भारत को बचाने की बात भले ही कह रहे हैं लेकिन यह भी बता रहे हैं गुजरात में बड़ी मात्रा में ड्रग्स मिलने की घटनाएं लगातार बढ़ रहीं हैं। यह ड्रग्स पूरे देश के युवाओं में नशे की लत लगाने के लिए ही आयी होंगी। हार्दिक का यह पत्र राजनीतिक न होते हुए भी राजनीतिक ही कहा जा रहा है, उड़ता गुजरात की चर्चाएं तो शुरू ही हो चुकी हैं और यक़ीनन आने वाले दिनों में यह और भी तेज़ होंगी।
