Site icon Buziness Bytes Hindi

डाॅन की डिमांड, जेल में दिलाओ कुर्सी, कूलर और फिजियोथेरेपी


डाॅन की डिमांड, जेल में दिलाओ कुर्सी, कूलर और फिजियोथेरेपी

मऊ। हाल ही में पंजाब से उत्तर प्रदेश की बांदा जेल में शिफ्ट हुए डाॅन मुख्तार अंसारी ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से मऊ कोर्ट में हुई पेशी के दौरान तकिया, हाडबेड, कुर्सी, कूलर व फिजियोथेरेपी दिलाने की मांग की है। डाॅन का आरोप है कि बांदा जेल में उसे जेल मैनुअल के मुताबिक सुविधाएं नहीं दी जा रही हैैं। मुख्तार अंसारी के अधिवक्ता दरोगा सिंह के अनुसार गैंगस्टर कोर्ट ने बांदा जेल को यह सब व्यवस्था किये जाने के आदेश दिये हैं। पुलिस की मांग को खारिज करते हुए कोर्ट ने 60 दिनों का ज्यूडिशियल रिमांड दे दिया है

बाहुबली बसपा विधायक मुख्तार अंसारी पंजाब की जेल में बंद था। उसे वापस यूपी लाने के लिये उत्तर प्रदेश सरकार काफी समय से प्रयासरत थी। मुख्तार अंसारी को लेकर पंजाब और यूपी सरकार में टकराव की स्थिति बन गयी थी। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद मुख्तार अंसारी को हाल ही में पंजाब से उत्तर प्रदेश की बांदा जेल में शिफ्ट किया गया है।

मुख्तार अंसारी के अधिवक्ता दरोगा सिंह ने मीडिया कर्मियों को बताया कि आज मुख्तार अंसारी की वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से मऊ कोर्ट में पेशी हुई थी। कोर्ट ने मुख्तार अंसारी को व्यक्तिगत रूप से मऊ कोर्ट में पेश किये जाने की पुलिस-प्रशासन की मांग के विरोध में अधिवक्ता दरोगा सिंह के प्रार्थनापत्र पर सुनावाई की। जिसके बाद कोर्ट ने पुलिस की मांग को खारिज करते हुए 60 दिनों का ज्यूडिशियल रिमांड दे दिया है। 11 जून 2021 को अगली सुनवाई की जायेगी।

अधिवक्ता दरोगा सिंह के अनुसार मुख्तार अंसारी ने पेशी के दौरान कोर्ट से चिकित्सकीय परीक्षण के अनुसार तकिया, हाडबेड, कुर्सी, कूलर व फिजियोथेरेपी की व्यवस्था किये जाने के आदेश देने की मांग की। मुख्तार अंसारी का कहना है कि उसे जेल मैनुअल के हिसाब व्यवस्था उपलब्ध नहीं कराई जा रही है। बताया कि गैंगस्टर कोर्ट ने बांदा जेल को ये सब व्यवस्था करने के लिये आदेशित किया है। वहीं मुख्तार अंसारी के बड़े भाई और सांसद अफजाल अंसारी ने मुख्तार की जान को खतरा बताया है। अफजाल अंसारी का कहना है कि उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष जिस तरह की बयानबाजी कर रहे हैं उससे कहीं न कहीं शंका पैदा हो रही है।

Exit mobile version