Site icon Buziness Bytes Hindi

वास्तु: क्या आपके घर में भी रहते हैं वास्तु के ये 5 शत्रु?

कई बार हमारे घर में ऐसी चीजें हो जाती हैं जिससे हमारे घर का माहौल नकारात्मक होता चला जाता है और हमें समझ नहीं आता कि ऐसा क्यों हो रहा है। अगर आप ठीक से देखेंगे तो आपको अपने घर में ही कुछ ऐसी चीजें नजर आ जाएंगी जो घर के माहौल में नकारात्मकता घोल देती हैं। दरअसल, इन चीजों को नकारात्मक ऊर्जा का कारण माना जाता है। आइए हम आपको ऐसी 5 चीजें बता रहे हैं जिन्हें वास्तु के दुश्मन के रूप में देखा जाता है।

मकड़ी का जाला

अगर आपके घर में कहीं भी मकड़ी का जाला दिखाई दे तो उसे तुरंत हटा दें। वास्तु के अनुसार, आपके घर में मकड़ी का जाला मानसिक उलझन का संकेत देता है। मकड़ी का जाला नकारात्मक ऊर्जा को बढ़ावा देता है। इसके साथ ही यह भी माना जाता है कि जिस घर में मकड़ी का जाला पाया जाता है उस घर में मां लक्ष्मी कभी निवास नहीं करती हैं। अगर आपके घर में कहीं भी मकड़ी का जाला दिखे तो उसे तुरंत साफ करें।

फैला हुआ सामान

अक्सर देखा जाता है कि कुछ लोग अपना सामान बहुत ही अस्त-व्यस्त तरीके से रखते हैं और उनके कपड़े भी फैले हुए होते हैं। ऐसे लोगों का जीवन भी बहुत व्यस्त होता है और ऐसे लोग कभी भी अपने लक्ष्य को लेकर स्पष्ट नहीं होते हैं। वास्तु के अनुसार ऐसा फैला हुआ और अव्यवस्थित घर आपके जीवन में नकारात्मक ऊर्जा को बढ़ावा देता है। ऐसे लोग कभी भी मानसिक रूप से स्थिर नहीं रह पाते और कोई भी काम पूरा नहीं कर पाते।

टूटी-फूटी वस्‍तुएं

ज्योतिष शास्त्र के अनुसार घर में पुरानी टूटी-फूटी चीजें रखने से हमें राहु के प्रकोप का शिकार होना पड़ सकता है। वहीं टूटी हुई चीजें बहुत अशुभ मानी जाती हैं। कुछ लोग टूटी हुई चीज़ों को भी कई दिनों तक यह सोचकर रखते हैं कि एक दिन काम आएंगी। ये सोच बिल्कुल भी सही नहीं है. ऐसा करने से आप अपना कोई फायदा नहीं बल्कि उल्टा नुकसान कर बैठते हैं। यदि कोई चीज टूट जाए तो उसे तुरंत हटा देना चाहिए। जब टूटी हुई चीजों से नकारात्मक ऊर्जा निकलती है तो वह सभी अच्छी चीजों को अपने अंदर समाहित कर लेती है।

धूल और गंदगी

वास्तु के अनुसार जिस घर में गंदगी होती है वहां मां लक्ष्मी कभी निवास नहीं करती हैं। ध्यान रखें कि घर में किसी भी स्थान पर धूल-मिट्टी न हो। प्रतिदिन पूरे घर में नमक के पानी का पोंछा लगाना चाहिए। ऐसा करने से साफ-सफाई के साथ-साथ नकारात्मक ऊर्जा भी खत्म हो जाती है। नमक को सकारात्मक ऊर्जा का एक बड़ा स्रोत माना जाता है। रोजाना पानी में नमक मिलाकर घर में पोंछा लगाने से आपके घर में सुख-समृद्धि का वास होता है।

सूखे पौधे

एक बात का ध्यान रखें कि घर में किसी भी स्थान पर सूखे पौधे नहीं होने चाहिए। सूखे पौधे एक अजीब तरह का नकारात्मक प्रभाव छोड़ते हैं। अगर आपके घर में कोई पौधा सूख रहा है तो उसे तुरंत हटाकर फेंक दें और उसकी जगह नया हरा पौधा लगा दें। सूखे पौधे भी शनि की अशुभ दशा के प्रभाव को बढ़ाते हैं। घर में कहीं भी सूखा पौधा भूलकर भी न रखें।

Exit mobile version