Site icon Buziness Bytes Hindi

बिहार में कांवड़ियों की DJ ट्रॉली हाई टेंशन तार से टकराई, 9 की मौत

bihar

बिहार के हाजीपुर में डीजे ले जा रही ट्रॉली के बिजली के तार के संपर्क में आने से नौ कांवरियों की मौत हो गई वहीँ कई अन्य के घायल होने की खबर है। सभी घायलों को सिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कांवड़िए सोमवार को बाबा हरिहरनाथ मंदिर में जलाभिषेक करने के लिए तैयार थे। मरने वाले कांवड़िये हाजीपुर के इंडस्ट्रियल पुलिस स्टेशन के सुल्तानपुर गांव के रहने वाले थे।

जानकारी के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब वैशाली जिले के हाजीपुर-जंदाहा रोड पर नैपर गेट के पास चौहरमल स्थान पर डीजे ले जा रही ट्रॉली हाईटेंशन तार के संपर्क में आ गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को हाजीपुर सदर अस्पताल में भर्ती कराया। सुल्तानपुर गांव के पीड़ित कांवड़िए सबसे पहले जल लेने के लिए हाजीपुर के पहलेजा घाट पहुंचे। पहलेजा घाट से जल लेने के बाद वे बाबा हरिहरनाथ मंदिर जा रहे थे। इसी दौरान बाबा के पास डीजे वाली ट्रॉली हाईटेंशन तार के संपर्क में आ गई।

इससे पहले 1 अगस्त को झारखंड में भी ऐसी ही एक घटना हुई थी, जहां लातेहार जिले में एक वाहन के बिजली के खंभे से टकराने से कम से कम पांच कांवड़ियों की मौत हो गई थी और तीन अन्य घायल हो गए थे। पुलिस के अनुसार, यह घटना सुबह करीब 3 बजे बालूमाथ थाना क्षेत्र के तम तम टोला के पास हुई, जब कांवड़ियों का ग्रुप देवघर में बाबा बैद्यनाथ मंदिर से लौट रहा था तभी उनकी DJ ट्राली हाई-टेंशन ओवरहेड तार से टकरा गयी।

Exit mobile version