देहरादून- उत्तराखंड के ऐतिहासिक और पौराणिक शहर जोशीमठ को बचाने की जद्दोजहद के बीच उत्तराखंड सरकार राज्य में 23 नए शहर बसाने की कवायद कर रही है. गढ़वाल और कुमाऊं में बसाए जाने वाले इन शहरों को लेकर शासन स्तर पर तैयारियां चरम पर हैं. वित्त, शहरी विकास व आवास मंत्री डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने मंगलवार को उत्तराखंड में चिन्हित नए प्रस्तावित टाउनशिप डेवलपमेंट की समीक्षा बैठक की.
उत्तराखंड में कुल 23 टाउनशिप के लिए 23 स्थान चिन्हित किए गए हैं, जिनमें गढ़वाल मंडल में 12 जबकि कुमाऊं मंडल में 11 शामिल है. इसके लिए जिला स्तरीय सर्वेक्षण समिति का गठन किया गया है. शहरी विकास मंत्री डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने बताया कि दोनों मंडलों से 15 लोकेशन को प्राथमिकता के रूप से उपयुक्त पाया गया है. उन्होंने कहा कि इन 15 में से भी प्रथम चरण में 10 स्थानों का चयन किया गया है.
टाउनशिप के लिए 10 लोकेशन
इन 10 लोकेशन में डोईवाला टाउन के समीप, सहसपुर छरबा, आर्ककेडिया, गोचर हवाई पट्टी के समीप, रामनगर शहर, हल्द्वानी गौलापार के समीप, नैनी सैनी एयरपोर्ट के समीप पिथौरागढ़ में, पराग फार्म किच्छा उधमसिंह नगर, रुद्रपुर शहर के समीप, काशीपुर शहर के समीप शामिल है.
‘मैकेंजी’ देगा तकनीकी सलाह
मंत्री ने बताया कि 10 लोकेशन में टाउनशिप की वित्तीय और व्यवहारिक व्यवस्था किए जाने के लिए नियोजन विभाग द्वारा मैकेंजी संस्था नियुक्त की गई है. उन्होंने निर्देशित करते हुए कहा कि मैकेंजी संस्था द्वारा तकनीकी सलाहकार फर्म की नियुक्ति जल्द की जाए. जिससे इन क्षेत्रों में टाउनशिप विकास किए जाने हेतु कार्य योजना तैयार की जाए.
