Site icon Buziness Bytes Hindi

Uttarakhand Weather News: पहाड़ से लेकर मैदान तक आफत,नाले उफान पर लोगों ने खाली किए घर

देहरादून। उत्तराखंड में बारिश का कहर जारी है। बारिश इस समय पहाड़ों से लेकर मैदान तक कहर बरपा रही है। गत मंगलवार की रात से जारी बारिश से नाले उफान पर हैं। सड़कें पानी और मलबे से पट गई हैं। कई घरों में पानी घुसने से आम जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। प्रदेश में कई स्थानों पर सड़कें बंद होने से यातायात पर असर पड़ रहा है। हालांकि केदारनाथ हाइवे को खोल दिया गया है। लेकिन बदरीनाथ धाम हाइवे इस समय बंद है। यमुनोत्री हाईवे को खोलने के प्रयास जारी हैं।

Read also: Uttarakhand Weather News: बारिश के बाद बर्फबारी का कहर,बिजली गिरने से 40 भेड़—बकरियों की मौत

जौनपुर ब्लॉक के अगलाड़-थत्यूड़ मार्ग पर करखेत के पास कार के ऊपर पत्थर गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि तीन लोग घायल हो गए। कार में सवार सभी लोग स्थानीय थे। उत्तरकाशी नौगांव में  रात को तेज बारिश से सौली खड्ड और देवलसारी खड्ड में पानी और मलबे से भारी नुकसान हुआ।  सौली खड्ड के उफान में एक बाइक का कहीं पता नहीं चल सका। जबकि एक पिकअप मलबे में दबकर चकनाचूर हो गई। नगर पंचायत के दो शौचालय भी पानी की तेज धारा में बह गए। देवलसारी खड्ड के उफान में पिकअप, मिक्सचर मशीन और हैंडपंप दब गए हैं। घरों में पानी घुस गया है। जिसके चलते लोगों को अब सुरक्षित स्थानों पर पनाह लेनी पड़ रही है। यमुनोत्री हाइवे के पास आवासीय भवन के आगे का हिस्सा धंसने से लोगों में खौफ है। लोग डर के कारण मकान को खाली करके अन्य स्थानों पर चले गए हैं। राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर जाकर निरीक्षण किया है।

 नौगांव उत्तरकाशी में बारिश में बरसाती गदेरे उफान पर आने से कृषि भूमि का कटाव शुरू हो चुका है। मलबा आने से मोरी नैटवाड सांकरी,मोरी त्यणी, आराकोट, चीवा मार्ग पर यातायात बंद हो गया है। तहसीलदार चमन सिंह के मुताबिक इन मार्गों से मलबा हटाने का कार्य तेज गति से चल रहा है।

Read also: Pakistan Bus Accident: पाकिस्तान में भारी बारिश में यात्री बस गहरी खाई में गिरने से 19 लोगों की मौत

श्रीनगर में बादल गड़गड़ाहट के साथ तेज बारिश  जारी है। जिससे बदरीनाथ धाम हाईवे कई जगहों पर अवरुद्ध हो गया है। श्रीनगर से सात किमी दूर रुद्रप्रयाग की ओर चमधार में मलबा गिरने से हाईवे पूरी तरह से बंद हो गया है। इसके चलते वाहनों को श्रीनगर से खिर्सू -खेडाखाल मार्ग पर डाइवर्ट कर दिया गया है।

Exit mobile version