Site icon Buziness Bytes Hindi

दिलीप घोष ने TMC को बताया खतरनाक कोरोना वायरस, भाजपा को टीका


दिलीप घोष ने TMC को बताया खतरनाक कोरोना वायरस, भाजपा को टीका

कुल्पीःपश्चिम बंगाल भाजपा प्रमुख दिलीप घोष ने बुधवार को सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) को कोविड-19 से भी खतरनाक वायरस करार देते हुए कहा कि अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों में इसे खत्म करने के लिये भाजपा टीके का काम करेगी।

सत्ता में आने पर तृणमूल कार्यकर्ताओं पर कड़ी कार्रवाई
दक्षिण 24 परगना जिले के कुल्पी में एक रैली को संबोधित करते हुए घोष ने कहा कि अगर उनकी पार्टी सत्ता में आई तो वह भाजपा और अन्य विपक्षी कार्यकर्ताओं पर थोपे गए “गलत” मामलों को वापस ले लेगी लेकिन तृणमूल के कार्यकर्ताओं को “राजनीतिक विरोधियों के खिलाफ ज्यादती करने को लेकर” कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।

भाजपा टीका टीएमसी वायरस को खत्म कर देगा
उन्होंने कहा, “टीएमसी कोविड-19 से भी ज्यादा खतरनाक वायरस है। अगले साल विधानसभा चुनावों में भाजपा टीका टीएमसी वायरस को खत्म कर देगा।” राज्य की 294 सदस्यों वाली विधानसभा के लिये अगले साल अप्रैल-मई में चुनाव होने की उम्मीद है।

गिनती के दिन
तृणमूल को राज्य में अब तक का “सबसे अलोकतांत्रिक दल” करार देते हुए घोष ने आरोप लगाया कि टीएमसी सरकार के “गिनती के दिन” बचे होने के बावजूद सत्ताधारी दल के कार्यकर्ता भाजपा के कार्यकर्ताओं को धमका रहे हैं।

टीएमसी सदस्यों को अंजाम भुगतने की धमकी
घोष ने कहा, “जब हम सत्ता में आएंगे तब हम भाजपा कार्यकर्ताओं और अन्य विपक्षी कार्यकर्ताओं पर लगाए गए सभी झूठे मामलों को वापस लेंगे। लेकिन हमें प्रताड़ित करने वाले टीएमसी सदस्यों को अंजाम भुगतना होगा। हम उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेंगे।”

Exit mobile version