नई दिल्ली: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने वायरल क्लब हाउस चैट की आलोचना करने वालों को जाहिल की संज्ञा दी है, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने कहा कि इन लोगों को Shall और Consider में फ़र्क़ तक नहीं मालूम।
दिग्विजय सिंह ने सभी आलोचकों को जवाब देते हुए ट्वीट किया, ‘अनपढ़ लोगों की जमात को Shall और Consider में फ़र्क़ शायद समझ में नहीं आता.’ शेफाली वैद्य को जवाब देते हुए उन्होंने लिखा, ‘शेफाली को यह भ्रांतिपूर्ण लग सकता है लेकिन लाखों कांग्रेस कार्यकर्ता व समर्थक और वे सभी जो भाजपा-मोदी शाह शासन का विरोध कर रहे हैं, इस विनाशकारी शासन को खत्म करने के लिए हर इंच लड़ाई लड़ेंगे.’
दरअसल भाजपा ने एक ऑडियो जारी कर दावा किया है कि अगर कांग्रेस पार्टी सत्ता में आती है, तो वे जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 पर फिर से विचार करेगी. केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने बीजेपी के सोशल मीडिया चीफ अमित मालवीय द्वारा ट्वीट किए गए ऑडियो को शेयर करते हुए लिखा, ‘कांग्रेस पार्टी की यही मानसिकता है जिसने कश्मीर में अलगाववाद के बीज बोए हैं और घाटी में पाकिस्तान के मंसूबों को बढ़ावा दिया है.’
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि दिग्विजय सिंह पाकिस्तान की हां में हां मिला रहे हैं. उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी और राहुल गांधी को इसपर जवाब देना चाहिए. पात्रा ने कहा कि यह वही दिग्विजय सिंह हैं, जिन्होंने पुलवामा में हुए आतंकी हमले को एक हादसा बताया था और 26/11 आतंकी हमले को आरएसएस की साजिश करार दिया था.

