Site icon Buziness Bytes Hindi

धोनी की मर्जी से सीएसके में एंट्री मिली थी चावला को


धोनी की मर्जी से सीएसके में एंट्री मिली थी चावला को

नई दिल्‍ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 13वें सीजन के लिए जब पिछले साल खिलाड़ियों की नीलामी हुई थी तो चेन्‍नई सुपर किंग्‍स के फैसले ने सभी को हैरान कर दिया था. आईपीएल की दूसरी सबसे सफल टीम चेन्‍नई ने पीयूष चावला को खरीदा और इस फैसले से काफी लोग हैरान थे. अब खुद चावला ने खुलासा किया कि उन्‍हें 6 करोड़ 75 लाख रुपये की कीमत के साथ सीएसके में लाने के पीछे दिमाग कप्‍तान एमएएस धोनी का था. धोनी की टीम में आने से पहले चावला ने किंग्‍स इलेवन पंजाब और कोलकाता नाइट राइडर्स का भी प्रतिनिधित्‍व किया.

खुद किया खुलासा
2014 में कोलकाता नाइट राइडर्स को खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाने वाले पीयूष चावला ने 150 आईपीएल मैचों में 27.15 की औसत से 157 विकेट लिए हैं. इस लीग में उनका सर्वश्रेष्‍ठ प्रदर्शन 17 रन पर 4 विकेट का है. स्‍पोर्ट्सकीड़ा से बात करते हुए चावला ने चेन्‍नई सुपर किंग्‍स में अपने शामिल होने के बारे में बताया.

सीएसके के कैंप में हुई धोनी से बातचीत
पीयूष चावला ने कहा कि चेन्‍नई सुपर किंग्‍स के कैंप के दौरान धोनी से उनकी बातचीत हुई और उन्‍होंने खुद पूर्व भारतीय कप्‍तान से उन्‍हें टीम में लाने के बारे में पूछा. जिस पर धोनी ने कहा कि जाहिर है कि उन्‍हें सीएसके में लाने की योजना उनकी थी.

पता नहीं धोनी खेलेंगे या नहीं
इस दौरान पीयूष चावला से धोनी के भविष्‍य के बारे में पूछा गया तो उन्‍होंने कहा कि यह विषय से बाहर की बात है. उन्‍होंने कहा कि वे नहीं जानते हैं धोनी खेलेंगे या नहीं. दरअसल पिछले साल हुए वर्ल्‍ड कप के बाद से ही एमएस धोनी क्रिकेट से दूर हैं. 10 जुलाई को ही धोनी को क्रिकेट से दूर हुए सालभर हो गया और तभी से उनके भविष्‍य पर लगातार अटकलें लगाई जा रही हैं. हालांकि इस साल वह आईपीएल से मैदान पर वापसी करने वाले थे. वह कैंप में भी नजर आए थे, मगर कोरोना के कारण आईपीएल को टाल दिया गया तो वो भी अपने घर लौट गए और फिलहाल रांची में फार्म हाऊस पर परिवार के साथ समय बिता रहे हैं.

Exit mobile version