Site icon Buziness Bytes Hindi

धोनी को मिलेगा फेयरवेल मैच


धोनी को मिलेगा फेयरवेल मैच

नई दिल्ली। टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं. माही के इस फैसले के बाद उनके फैंस माही के लिए एक फेयरवेल मैच की मांग कर रहे हैं. बीसीसीआई भी फेयरवेल मैच के लिए तैयार है. बीसीसीआई के एक ऑफिसर ने बताया कि बोर्ड भी विदाई मैच के लिए धोनी से बात कर रहा है. यदि वे नहीं माने तो हमारे पास प्लान बी भी है यानि उनके लिए एक सम्मान समारोह जरूर रखा जाएगा.

आईपीएल से पहले कुछ नहीं
बीसीसीआई अधिकारी ने बताया कि अभी भारतीय टीम की कोई इंटरनेशनल सीरीज नहीं है. आईपीएल के बाद हम कुछ कर सकते हैं, क्योंकि धोनी ने देश के लिए बहुत कुछ किया है. वे हर एक सम्मान के हकदार हैं. हम हमेशा से ही धोनी के लिए एक फेयरवेल मैच कराना चाहते थे, लेकिन धोनी एक अलग तरह के खिलाड़ी हैं. उन्होंने अचानक रिटायरमेंट का ऐलान कर दिया. कोई भी यह नहीं सोच सकता था कि वे ऐसा फैसला इतनी जल्दी लेंगे.

धोनी की सहमति पर मैच
अधिकारी ने बताया कि धोनी की सहमति के बाद सही जगह पर एक मैच या सीरीज जरूर कराएंगे. चाहे वे मानें या नहीं, हम उनके लिए एक सम्मान समारोह कराएंगे. उनका सम्मान करना हमारे लिए गर्व की बात होगी. गौरतलब है कि इससे पहले पूर्व भारतीय क्रिकेटर मदनलाल ने भी लेजेंड विकेटकीपर के लिए सम्मान समारोह कराए जाने की बात कही थी. उन्होंने कहा था, यदि बीसीसीआई धोनी के लिए फेयरवेल मैच कराती है, तो मुझे सबसे ज्यादा खुशी होगी.


सफल कप्तान
200 वनडे मैच में धोनी ने कप्तानी की.
110 मैच इंडिया ने धोनी की कप्तानी में जीते.
2007 में इंडिया ने धोनी की कप्तानी में टी 20 वल्र्ड कप जीता
2011 में धोनी की कप्तानी में वनडे वल्र्ड कप जीता.
2013 में धोनी ने चैंपियंस ट्रॉफी जिताई.

पूरी दुनिया में माही को मिला सम्मान: लक्ष्मण
वीवीएस लक्ष्मण ने धोनी की तारीफ करते हुए कहा कि वे लाखों भारतीयों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं और उन्होंने पूरी दुनिया में खूब प्यार और सम्मान पाया है. लक्ष्मण ने कहा, धोनी हमेशा परिणामों से भावनात्मक रूप से अलग रहते थे. उन्होंने खेल प्रशंसकों को ही नहीं बल्कि लाखों भारतीयों को प्रेरित किया और बताया कि किस तरह का आचरण करना चाहिए और कैसे अपने देश का दूत बनना चाहिए, सार्वजनिक जीवन में खुद को कैसे रखना चाहिए. यही कारण है कि वह इतने सम्मानित हैं.

Exit mobile version