देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अब तीन दिन के प्रवास पर नई दिल्ली में हैं। इस प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री धामी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी,गृहमंत्री अमित शाह सहित अन्य केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात करेंगे। सीएम धामी राष्ट्रपति चुनाव के लिए आगामी 24 जून को एनडीए उम्मीदवार द्रोपदी मुर्मू के नामांकन में शामिल होंगे।
मुख्यमंत्री गत बुधवार शाम करीब आठ बजे नई दिल्ली के लिए रवाना हुए। दिल्ली पहुंचने के बाद आज उनका पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात करने का कार्यक्रम है। सूत्रों के अनुसार, वह पीएम नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात करेंगे। वहीं सीएम धामी ने केंद्रीय मंत्रियों से मिलने का समय लिया है।
Read also: Congress की सद्भावना रैली पर दिल्ली पुलिस ने लगाई रोक, ED के सामने आज राहुल की पेशी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी प्रधानमंत्री और केंद्रीय वित्त मंत्री से मिलकर जीएसटी प्रतिपूर्ति का मुद्दा उठाएंगे। आगामी 30 जून के बाद उत्तराखंड सरकार को जीएसटी प्रतिपूर्ति मिलनी बंद हो जाएगी। इससे राज्य को अब प्रतिवर्ष पांच हजार करोड़ रुपये राजस्व का नुकसान उठाना होगा। इस महीने के आखिर में तय जीएसटी काउंसिल की बैठक से पहले ही मुख्यमंत्री इस मामले को केंद्र सरकार के सामने उठाएंगे। इसके अलावा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जिन केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात करेंगे उनसे उत्तराखंड के विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करेंगे। इस बार मुख्यमंत्री धामी पूरी तैयारी के साथ दिल्ली प्रवास पर रहेंगे।

