Site icon Buziness Bytes Hindi

डीजी NCC पहुंचे मेरठ,ग्रुप मुख्यालय का किया निरीक्षण

NCC

मेरठ। देशभर के एनसीसी कैडेट्स के शिक्षण और प्रशिक्षण का स्तर देखने के लिए भ्रमण पर निकले एनसीसी महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल गुरबीर पाल सिंह आज मेरठ एनसीसी ग्रुप मुख्यालय पहुंचे। जहां पर उन्होंने एनसीसी मुख्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि अब एनसीसी के प्रशिक्षण और पाठ्यक्रम बदल रहे हैं।

एनसीसी महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल गुरबीर पाल सिंह ने कहा कि आधुनिक प्रशिक्षण के साथ सिमुलेटर ट्रेनिंग और ऑनलाइन क्लासेस चलाई जा रही हैं। सिम्युलेटर ट्रेनिंग में हथियारों की फायरिंग के साथ फ्लाइंग, रोइंग आदि के प्रशिक्षण भी ऑनलाइन दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि एनसीसी के प्रति युवाओं का रुझान अब काफी बढ़ा है। इससे हमें प्रेरणा मिली है कि एनसीसी में प्रशिक्षण के तौर-तरीकों को बदला और बढ़ाया जाए। उन्होंने कहा कि मेरठ एनसीसी ग्रुप बेहतर प्रदर्शन कर रहा है। यहां बहुत से शिक्षण संस्थान एसीसी के लिए वेटिंग लिस्ट में है। मेरठ एनसीसी ग्रुप मुख्यालय के ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर स्नेहांशु घोष डीजी एनसीसी का स्वागत किया।

एनसीसी के सी सर्टिफिकेट लेने के बाद कैडेट्स के रोजगार के सवाल पर डीजी एनसीसी ने कहा कि एनसीसी प्रशिक्षण का प्रमुख उद्देश्य देश को बेहतर नागरिक देना है। जिससे समाज के हर क्षेत्रों में वह अच्छा काम कर सकें। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के बाद कैडेट्स विभिन्न क्षेत्रों में नौकरियों में बेहतर काम कर रहे हैं। अग्निवीर भर्ती में कैडेट्स को लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से एनसीसी में बदलाव और सुधार की बात करने के बाद ही उच्च स्तरीय समिति गठित की गई है। समिति जल्द अपनी रिपोर्ट देगी। रिपोर्ट में जो सुझाव होंगे उन्हें एनसीसी में लागू किया जाएगा।

एनसीसी महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल गुरबीर पाल सिंह ने मेरठ एनसीसी ग्रुप मुख्यालय के अंतर्गत आने वाले 11 बटालियन के कमान अधिकारी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने प्रशिक्षण की स्थिति सुविधाएं और स्तर पर जानकारी ली। करीब डेढ़ घंटे चली कांफ्रेंस में उन्होंने सभी कमान अधिकारी से यह जानना चाहा कि प्रदेश के कैडेट प्रशिक्षण, शूटिंग, ड्रिल आदि में बेहतरीन प्रदर्शन करने के बावजूद सेना में अफसर पदों पर कम क्यों होते हैं।

देशभर के 17 एनसीसी निदेशालयों में उत्तर प्रदेश काफी नीचे है। जबकि कैडेट की संख्या काफी अधिक है। डीजी एनसीसी ने इस मौके पर थल सेना कैंप में फील्ड क्राफ्ट में अच्छा प्रदर्शन करने वाली 22 यूपी गर्ल्स बटालियन की कैडेट छाया को भी सम्मानित किया। वह आरजी डिग्री कॉलेज की कैडेट हैं। इसके अलावा मेरठ एनसीसी ग्रुप मुख्यालय के सभी ड्रिल व सम्मान समारोह में अगुवाई करने वाले सीनियर अंडर ऑफिसर गगन को सम्मानित किया।

Exit mobile version