Site icon Buziness Bytes Hindi

Somvati Amavasya 2023: हरिद्वार में सोमवती अमावस्या पर श्रद्धालुओं का सैलाब, बंद की गंगनहर

jl1705

Somvati Amavasya 2023: आज सावन के दूसरे सोमवार को सोमवती अमावस्या मनाई जा रही है। सोमवती अमावस्या में गंगा में स्नान के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुगण हरिद्वार पहुंच रहे हैं। धर्मनगरी हरिद्वार में तड़के चार बजे से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। लोग बड़ी संख्या में स्नान-दान के लिए धर्मनगरी हरिद्वार पहुंच रहे हैं। इस दौरान गंगा घाटों में पानी कम होने से श्रद्धालुओं को गंगा स्नान में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हरिद्वार में गंगा नदी में सिल्ट आने के कारण गंगनहर को बंद कर दिया गया है।

हरकी पैड़ी पर श्रद्धालुओं को केवल घुटनों तक गंगा पानी मिला। कल से पुरुषोत्तम मास की शुरुआत हो रही है। एक माह में कोई तीज या त्योहार नहीं होगा। पुरुषोत्तम मास जिसे अधिक मास कहते हैं। इसके चलते हिंदू पंचांग में 13 महीनों की गणना होती है। पुरुषोत्तम मास प्रत्येक तीसरे साल आता है। अर्थात, अगला पुरुषोत्तम मास 2026 में पड़ेगा।

पंडित हरिओम शास्त्री के मुताबिक सूर्य सभी 12 राशियों में प्रवेश करते हैं लेकिन पुरुषोत्तम मास ऐसा महीना है जिसमें वह किसी राशि में नहीं रहते। इस मास के बाद सभी पर्व शुद्ध श्रावण में 17 अगस्त से शुरू हो जाएंगे। आज सोमवार रात 10 बजे तक हरिद्वार शहर क्षेत्र में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।

स्नान को लेकर हरिद्वार प्रशासन ने मेला क्षेत्र को 11 सुपर जोन, 22 जोन, 42 सब जोन और 93 सेक्टर में बांटा है। मेले में एक एसपी, 10 एएसपी, 32 सीओ, 242 एसआई व एएसआई, 1150 मुख्य आरक्षी एवं पुलिस के अलावा 11 कंपनी पीएसी, सात कंपनी सीपीएमएफ, 1360 रिक्रूट आरक्षी, दो एटीएस टीम को तैनात किया गया है।

Exit mobile version