हरिद्वार। गंगा दशहरा के पर्व पर आज हरिद्वार में हरकी पैड़ी पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। गंगा दशहरा पर श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाई। लोगों ने दान देकर पुण्य अर्जित किया। हरिद्वार में चारों ओर श्रद्धालु हर-हर गंगे की जयघोष कर रहे थे। वहीं जय मां गंगे के नारे लगाए जा रहे हैं। आज गंगा दशहरा पर्व के अवसर पर धर्मनगरी हरिद्वार में हरकी पैड़ी और अन्य गंगा घाटों पर गंगा स्नान के लिए आए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जमा है। आधी रात से हरिद्वार पर स्नान के लिए लोगों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई। श्रद्धालुओं ने हरकी पैड़ी पर रात से पुण्य की डुबकी लगानी शुरू कर दी। हर-हर गंगे और जय मां गंगे के जयघोष के साथ श्रद्धालुओं ने गंगा में स्नान के बाद पूजन और ध्यान के बाद दान पुण्य किया। हरिद्वार में गंगा घाटों पर मोक्ष की कामना के लिए लोगों ने गंगा में डुबकी लगाई।
Read also: Baba Ramdev News: योग गुरु बाबा रामदेव की कंपनी पतंजलि के नाम पर लाखों की धोखाधड़ी
बता दें कि आज के दिन ही गंगा का स्वर्ग लोक से धरती पर अवतरण हुआ था। राजा सागर के पुत्रों के उद्धार के लिए राजा भागीरथ तपस्या के बाद गंगा को स्वर्गलोक से धरती पर लाए थे। आज के दिन राजा भागीरथ के प्रयास से गंगा शिव की जटाओं से धरती पर आई। पुलिस-प्रशासन ने बताया कि रात से सुबह आठ बजे तक पांच लाख श्रद्धालुगण गंगा में स्नान के बाद अपने घर लौट चुके हैं। गंगा स्नान आज देर रात तक ऐसे ही चलने की संभावना है। उसके बाद दो दिन एकादशी का स्नान होगा। हरकी पैड़ी के अलावा ब्रह्मकुंड और अन्य गंगा घाटों पर श्रद्धालु गंगास्नान कर रहे हैं।

