फरीदकोट : पंजाब के कोटकपूरा में आज गुरुवार सुबह बरगाड़ी बेअदबी मामले में नामजद डेरा प्रेमी प्रदीप सिंह की अज्ञात बाइक सवारों ने गोली मार कर हत्या कर दी है। इस दौरान एक गनमैन और एक पूर्व पार्षद को भी गोली लगी है। गैंगस्टर गोल्डी बराड ने फेसबुक पर पोस्ट डाल डेरा प्रेमी की हत्या की जिम्मेदारी ली है।
दुकान खोलते ही बरसाई गोली
जानकारी के मुताबिक गुरुवार सुबह जब प्रदीप सिंह अपनी दुकान खोल कर दुकान में सफाई कर रहा था। इसी दौरान तीन बाइक पर सवार होकर आए 6 हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। इसमें डेरा प्रेमी प्रदीप सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि पूर्व पार्षद अमर सिंह और प्रदीप के गनमैन हाकम सिंह को गोलियां लगी। उन्हें गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कालेज फरीदकोट में भर्ती करवाया है। अमर सिंह की हालत गंभीर है। प्रदीप सिंह को मिला दूसरा गनमैन जगदीश सिंह बाथरूम गया था। इस कारण से वह बच गया।
घटना के मिले सीसीटीवी फुटेज
फरीदकोट रेंज के आईजी प्रदीप कुमार ने कहा कि प्रदीप के सुरक्षाकर्मियों ने हमलावरों की गोलियों पर जवाबी फायरिंग की। मौके से सीसीटीवी फुटेज मिले हैं और कुछ सुराग मिले हैं। स्थिति नियंत्रण में है।
सीएम भगवंत मान ने ट्वीट किया
फरीदकोट में डेरा प्रेमी की हत्या के बाद सीएम भगवंत मान ने ट्वीट कर कहा कि पंजाब शांतिप्रिय राज्य है जहां लोगों का आपसी भाईचारा बहुत मजबूत है। किसी को पंजाब की शांति भंग करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। राज्य की शांति और शांति बनाए रखने के लिए नागरिक और पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं
