तैनाती दून में, ई-पोर्टल पर टिहरी में दिखाया कार्यरत

उत्तराखंडतैनाती दून में, ई-पोर्टल पर टिहरी में दिखाया कार्यरत

Date:


तैनाती दून में, ई-पोर्टल पर टिहरी में दिखाया कार्यरत

  • शिक्षकों के तबादले एवं प्रमोशन के लिए बनाये ई-पोर्टल पर हो रही धांधली
  • सेवा रिकाॅर्ड के बारे में ई-पोर्टल पर दर्ज हो रहा गलत ब्योरा, जांच के निर्देश दिए

देहरादून। सभी शिक्षकोें को क्रमवार, सुगम और दुर्गम इलाकों के स्कूल में नियुक्ति दिये जाने और उनके तबादले, पोस्टिंग और प्रमोशन का रिकार्ड ऑनलाइन रखे जाने के लिये ई-पोर्टल बनाया गया था। मगर रसूख और भ्रष्टाचार के चलते ई-पोर्टल पर गलत ब्यौरे दर्ज कर चंद शिक्षकों को अनुचित लाभ पहुंचाया जा रहा है।

ऐसे ही एक शिक्षक का मामला सामने आने पर अधिकारियों ने सभी सीईओ को पोर्टल की जांच करने के निर्देश दिये हैं। अधिकारियों का कहना है कि चूक मिलने पर शिक्षक और अधिकारी पर सख्त कार्रवाई की जायेगी।

शिक्षकों की सुविधा और उनके सेवाकार्य को ऑनलाइन रखने के लिये बने ई-पोर्टल से सिर्फ रसूखदार शिक्षकों का ही भला होता दिख रहा है। यह दबंग शिक्षक अपने रसूख का फायदा उठा कर ई-पोर्टल पर अपनी सुविधानुसार ब्यौरा दर्ज करा रहें हैं।

एडी-गढ़वाल महावीर सिंह बिष्ट के समक्ष अटैचमेंट पर सुगम इलाकों में तैनात शिक्षकों का ब्योरा ई-पोर्टल पर अपडेट न किये जाने की शिकायत आयी थी। मामले की जांच करते हुए उन्होंने टिहरी में तैनात एक शिक्षक का ब्योरा गलत पाया गया। यह शिक्षक काफी समय से देहरादून में ही समग्र शिक्षा अभियान में तैनात रहे मगर ई-पोर्टल के रिकाॅर्ड में इन्हें टिहरी में ही कार्यरत बताया गया था।

सूत्रों के अनुसार यह शिक्षक एक बडे़ पुलिस अधिकारी के करीबी हैं और उन्हीं के कहने पर उक्त शिक्षक को टिहरी से देहरादून लाया गया था। मगर ई-पोर्टल पर उनकी नियुक्ति टिहरी में ही दिखाई गयी। इस मामले में बीईओ-चंबा का जवाब तलब कर लिया गया है। क्योंकि ई-पोर्टल पर रिकाॅर्ड को दुरुस्त रखने की जिम्मेदारी बीईओ, सीईओ, एडी की होती है।

एडी-गढ़वाल महावीर सिंह बिष्ट ने बताया कि ई-पोर्टल पर सेवा रिकाॅर्ड के बारे में गलत ब्योरा दर्ज होना गंभीर अनियमितता है। प्रकरण सामने आने के बाद सभी सीईओ को ई-पोर्टल में सेवा रिकाॅर्ड की गहन जांच करने के निर्देश दे दिए हैं। किसी स्तर पर भी चूक मिलने पर दोषी शिक्षक या अधिकारी पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

काफी समय से चल रही शिक्षकों की तैनाती में धांधली
शिक्षा विभाग के एक बड़े अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि शिक्षकों की तैनाती में धांधली काफी समय से चली आ रही है। विभिन्न शैक्षिक संस्थानों में प्रतिनियुक्ति पर तैनात शिक्षक भी सेटिंग कर अपना रिकाॅर्ड छिपा लेते थे। लेकिन, अब रिकाॅर्ड को मेनटेन रखने की जिम्मेदारी अधिकारियों को सौंप दिये जाने के बाद मामले सामने आना शुरू हुए हैं। यदि गहनता से जांच की जाये तो ऐसे अनेक मामले सामने आ जायेंगे।

Share post:

Subscribe

Popular

More like this
Related