मुंबई: अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत से जुड़े ड्रग्स मामले में गिरफ्तार अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती ने बॉम्बे हाईकोर्ट में दायर जमानत याचिका में कहा है कि वह निर्दोष हैं और मादक पदार्थ नियंत्रण (एनसीबी) ‘जान-बूझ कर’ उन पर और उनके परिवार पर गंभीर आरोप लगा रहा है।
उन्होंने कहा कि वह ‘विच हंट’ (संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश अभियान) का शिकार हुई हैं। उच्च न्यायालय में मंगलवार दायर जमानत याचिका में चक्रवर्ती ने कहा है कि वह सिर्फ 28 साल की हैं और एनसीबी के जांच के अलावा, वह साथ ही साथ पुलिस और केंद्रीय एजेसियों की तीन जांच और ‘ समानांतर मीडिया ट्रायल’ का सामना कर रही हैं। वह राजपूत मामले में मुंबई पुलिस , सीबीआई और प्रवर्तन निदेशालय की जांचों का हवाला दे रही थीं।
चक्रवर्ती ने कहा कि यह सब उसके, ‘ मानसिक स्वास्थ्य और सेहत पर बुरा असर डाल रहा है।’ उन्होंने अपने वकील के माध्यम से दायर याचिका में कहा है कि हिरासत की अवधि बढ़ने से उनकी मानसिक स्थिति और भी बिगड़ जाएगी। न्यायमूर्ति सारंग कोतवाल की एकल पीठ के समक्ष बुधवार को वीडियो कान्फ्रेंस के माध्यम से चक्रवर्ती की जमानत याचिका पर सुनवाई होनी थी।
परंतु, मुंबई में भारी बारिश की वजह से उच्च न्यायालय ने बुधवार की कार्यवाही स्थगित कर दी और अब इन पर बृहस्पतिवार को सुनवाई होने की संभावना है। चक्रवर्ती ने आगे अपनी याचिका में कहा है कि राजपूत मादक पदार्थ खास तौर पर गांजा का सेवन करते थे, और वह तबसे इसका सेवन कर रहे थे जब वे दोनों संबंध में भी नहीं थे।

