Site icon Buziness Bytes Hindi

दिल्ली के नए शिक्षा बोर्ड का हुआ रजिस्ट्रेशन


दिल्ली के नए शिक्षा बोर्ड का हुआ रजिस्ट्रेशन

नई दिल्ली: दिल्ली का अपना शिक्षा बोर्ड स्थापित करने की घोषणा के बाद अब इस संबंध में पहल तेजी से शुरू हो गई है। शिक्षा निदेशालय (DoE) के अधिकारियों के अनुसार दिल्ली का शिक्षा बोर्ड DBSE रजिस्टर्ड किया जा चुका है और जल्द ही एक आधिकारिक नोटिफिकेशन भी जारी कर दी जाएगी।

इसमें तमाम विस्तृत जानकारी और रूप-रेखा मौजूद होगी। दिल्ली बोर्ड ऑफ स्कूल एजुकेशन (DBSE) स्थापित करने को लेकर 6 मार्च को दिल्ली की सरकार ने कैबिनेट में मंजूरी दी थी।

शिक्षा निदेशालय के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, ‘बोर्ड को आधिकारिक तौर पर मंगलवार को रजिस्टर किया गया। 2021-22 अकादमिक सत्र के लिए दिल्ली के 20 से 25 सरकारी स्कूलों को इससे संबद्ध किया जाएगा। इस संबंध में प्रिसिपल, शिक्षकों और बच्चों के माता-पिता से विचार-विमर्श जारी है कि पहले चरण में किन स्कूलों को एफिलिएशन दिया जाए।’

अधिकारियों के अनुसार रूपरेखा भी तैयार की जा रही है और विस्तृत जानकारी के साथ नोटिफिकेशन जल्द जारी होगी। बोर्ड की एक शासकीय समिति होगी जिसकी अध्यक्षता शिक्षा मंत्री करेंगे। इसकी एक कार्यकारी समिति भी होगी जो रोजमर्रा के काम देखेगी और इसका नेतृत्व सीईओ करेंगे।

अधिकारियों के अनुसार दोनों समितियों में उद्योग, शिक्षा क्षेत्र, सरकारी और प्राइवेट स्कूल के प्रिंसिपल आदि बतौर विशेषज्ञ जुड़े होंगे। मौजूदा समय में दिल्ली में करीब 1000 सरकारी स्कूल हैं और 1700 प्राइवेट स्कूल हैं। इसमें लगभग सभी सीबीएसई से मान्यता प्राप्त हैं।

Exit mobile version