Site icon Buziness Bytes Hindi

दिल्ली विधानसभा चुनाव: कांग्रेस सभी को देगी 25 लाख का स्वास्थ्य बीमा

congress

एक तरफ दिल्ली में विधानसभा चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी और भाजपा में घमासान मचा हुआ है, शीशमहल और राजमहल के मुद्दे पर दोनों पार्टियां आमने सामने हैं, दुसरी तरह चुनाव को त्रिकोणीय बना रही कांग्रेस पार्टी चुपचाप इस लड़ाई का आनंद ले रही है और चुनाव को लेकर नई नई घोषणाएं कर रही है. दिल्ली की महिलाओं से हर महीने 2500 रूपये देने का वादा करने के बाद आज कांग्रेस पार्टी ‘जीवन रक्षा योजना’ की घोषणा की है जिसके तहत हर किसी को 25 लाख रुपये तक का मुफ्त स्वास्थ्य बीमा प्रदान किया जायेगा। बता दें कि दिल्ली में 5 फरवरी को चुनाव होने हैं और नतीजे 8 फरवरी को आएंगे।

योजना को पेश करते हुए राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री और पार्टी के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत ने कहा कि प्रस्तावित योजना ‘गेम-चेंजर’ साबित होगी। दिल्ली में अब स्थिति बदल गई है। कांग्रेस बेहतर प्रचार कर रही है और इस बार नतीजे अलग होंगे। अशोक गहलोत ने कहा कि प्रस्तावित योजना का उद्देश्य परिवारों को व्यापक स्वास्थ्य कवरेज प्रदान करना है, जिसमें गंभीर बीमारियों, अस्पताल में भर्ती होने और उपचार के लिए चिकित्सा व्यय शामिल हैं।

राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री ने बताया कि वहां यह स्वास्थ्य बीमा योजना बहुत सफल रही है और दिल्ली में भी हम ऐसा ही करेंगे। यह सभी को लाभ प्रदान करती है जबकि आयुष्मान भारत की अपनी सीमाएं हैं। कांग्रेस नेता ने यह भी बताया कि जीवन रक्षा योजना दिल्ली के निवासियों की स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को पूरा करने के लिए पार्टी की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

अपने चुनाव पूर्व वादों के हिस्से के रूप में कांग्रेस पार्टी ने यह भी घोषणा की कि अगर वह दिल्ली में सत्ता में लौटती है तो वह ‘प्यारी दीदी योजना’ को लागू करेगी, जिसके तहत सभी महिला मतदाताओं को 2,500 रुपये का मासिक भत्ता मिलेगा।

Exit mobile version