देहरादून। अभी गर्मी पूरी तरह से पड़नी शुरू नहीं हुई कि उत्तराखंड के जंगल आग से धधकने लगे हैं। संसाधनों से लैस वन विभाग आग पर काबू पाने में बेबस और लाचार दिखाई दे रहा है। पीपलकोटी और कौड़िया जंगल (Kaudia Forest) में शनिवार को हल्की आग लगी थी। जो कि अब काफी विकराल हो चुकी है। आग पर काबू पाने में वन विभाग अभी तक पूरी तरह से नाकाम साबित हुआ है। जिससे आग अब पूरे जंगल में फैल गई है। बेकाबू आग इतनी विकराल हो गई है कि आसपास के कई किमी में जबरदस्त धुआं भर गया है। आग के धुंए के कारण दृश्यता कम हो गई है। जिससे लोगों के दिन भी देखने में काफी परेशानी हो रही है। हालांकि अभी इतनी गर्मी नहीं बढ़ी है लेकिन वन में आग लगने की घटनाएं अभी से शुरू हो चुकी हैं।
Read also: केरल के वन मंत्री ने साइलेंट वैली के जंगल में लगी आग की जांच के आदेश दिए
बदरीनाथ वन प्रभाग के कौड़िया बिरही रेंज में बुरांस, बांज और चीड़ के जंगल में शनिवार को हल्की आग लगी थी। रात में लगी आग को बुझाने के लिए वन विभाग के कर्मचारी नहीं पहुंचे। जिससे आग पूरी रात जंगल में भड़कती रही और आज रविवार को उसने जंगल का कई किमी का इलाका अपनी जद में ले लिया। पूरे बंड पीपलकोटी इलाके में धुआं फैला है। जिससे लोगों की आंखों में जलन और सांस लेेने में परेशानी हो रही है। बता दे कि इन दिनों में बुरांस खूब खिला हुआ है। आग लगने से बांज और बुरांस को बड़ी हानि हुई है।

