नयी दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को पश्चिमी समर्पित मालवहन गलियारा (डीएफसी) के 306 किलोमीटर लंबे न्यू रेवाड़ी-न्यू मदार सेक्शन को राष्ट्र को समर्पित किया और कहा कि डीएफसी देश के अलग-अलग शहरों के विकास का आधार बनेंगे।
डबल डेकर मालगाड़ी को हरी झंडी
श्री मोदी ने आज एक वर्चुअल कार्यक्रम में न्यू रेवाड़ी-न्यू मदार सेक्शन पर देश की पहली डबल डेकर मालगाड़ी को भी हरी झंडी दिखाकर हरियाणा के न्यू अटेली से राजस्थान के न्यू किशनगढ़ के लिए रवाना किया जिसमें एक के ऊपर एक कंटेनरों को रखा गया था। इससे मालगाड़ी की मालवहन क्षमता दुगुनी हो गई है। उन्होंने कहा कि आज देश में इंफ्रास्ट्रक्चर का काम दो पटरियों पर चल रहा है – एक से आम नागरिकों को व्यक्तिगत जीवन में लाभ हो रहा है तो दूसरी पटरी पर देश के उद्योगों के विकास का इंजन तेजी से आगे बढ़ रहा है।
दो पटरियों पर आगे बढ़ रहा है इंफ्रास्ट्रक्चर
श्री मोदी ने कहा “एक पटरी व्यक्ति के निजी जीवन में विकास को आगे बढ़ा रही है, दूसरी पटरी से देश के विकास इंजन को नयी ऊर्जा मिल रही है। आज देश में सामान्य मानवी के लिए घर, टॉयलेट, पानी, बिजली, गैस, सड़क, इंटरनेट जैसी हर सुविधा को उपलब्ध कराने का अभियान चल रहा है। पीएम आवास योजना, स्वच्छ भारत अभियान, सौभाग्य, उज्ज्वला, प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना जैसी अनेक योजनाओं से करोड़ों भारतीयों का जीवन सरल और सहज हो रहा है। दूसरी पटरी का लाभ देश के विकास के इंजन यानी हमारे उद्यमी, हमारे उद्योगों को हो रहा है। आज हाइवे, रेलवे, एयरवे, वॉटरवे की कनेक्टिविटी पूरे देश में पहुंचाई जा रही है, तेज़ी से पहुँचाई जा रही है। बंदरगाहों को, परिवहन के अलग-अलग माध्यमों को आपस में जोड़ा जा रहा है, मल्टीमॉडल कनेक्टिविटी पर फोकस किया जा रहा है।”

