सोमवार को राज्य में मिले 3719 नए कोरोना संक्रमित, 136 ने गंवाई जान
देहरादून। कोरोना संक्रमण की रफ्तार उत्तराखंड में थोड़ी धीमी हुई है मगर संक्रमण से होने वाली मौतों में कमी न आना चिंता का कारण बना हुआ है। सोमवार को राज्य में 3719 नए कोरोना संक्रमित मिलने से थोड़ी राहत मिलती दिखी वहीं आज 136 मरीजों ने जान गंवा दी। राज्य में कोरोना से होने वाली मौतों का आंकड़ा पांच हजार के पार हो गया है।
मई माह में उत्तराखंड में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा तेजी से बढ़ता जा रहा था जिसमें कुछ दिनों से गिरावट आ रही है। आज मिले 3719 नए कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा मई माह में सबसे कम है। स्वास्थ विभाग की ओर से जारी कोरोना रिपोर्ट के अनुसार सोमवार को देहरादून जिले में सर्वाधिक 752 कोरोना मरीज मिले हैं। हरिद्वार में 464, चमोली में 449, ऊधमसिंह नगर में 410, टिहरी में 299, उत्तरकाशी में 229, रुद्रप्रयाग में 226, पौड़ी में 205, अल्मोड़ा में 200, पिथौरागढ़ में 180, चंपावत में 153, नैनीताल में 106, बागेश्वर जिले में 46 नये कोरोना संक्रमित मिले हैं।
आज 3647 कोरोना संक्रमितों को स्वस्थ होने के बाद विभिन्न अस्पतालों से डिस्चार्ज किया गया है। आज हुई 136 मौतों के बाद राज्य में संक्रमण से जान गंवाने वालो की संख्या 5034 हो गयी है। इस समय राज्य में एक्टिव केस 78608 हो गये हैं।
राज्य में 25 मई तक बढ़ाया गया कोरोना कर्फ्यू
उत्तराखंड में जारी कोरोना कर्फ्यू अब 25 मई की सुबह छह बजे तक प्रभावी रहेगा। आज सीएम तीरथ सिंह रावत की अध्यक्षता में हुई बैठक में कोरोना कर्फ्यू में नये प्रतिबंध भी जोड़े गये हैं। राज्य में होने वाले विवाह समारोह में शामिल होने के लिये 72 घंटे पहले की आरटीपीसीआर निगेटिव रिपोर्ट होना अनिवार्य कर दिया गया है।
उत्तर प्रदेश की सीमा का प्रयोग करने वाले व्यक्तियों को पहले स्मार्ट सिटी पोर्टल पर पंजीकरण कराना आवश्यक होगा। अतिआवश्यक कार्य यथा मेडिकल इमरजेंसी, परिजन की मृत्यु होने पर एक से दूसरे स्थान पर जाने और अंत्येष्टि में शामिल होने वाले व्यक्तियों को ई-पास लेना अनिवार्य कर दिया गया है।