शनिवार को 879 नये कोरोना संक्रमित मिले
19 कोरोना संक्रमितों ने गंवा दी जान
मेरठ। जिला मेरठ में कोरोना संक्रमण में शनिवार को थोड़ी राहत मिली और शुक्रवार को जिले में मिले 1464 नये कोरोना संक्रमित के मुकाबले आज 879 नये कोरोना संक्रमित मिले हैं। लेकिन कोरोना से होने वाली मौतों की संख्या में कमी नहीं आ रही है और आज 19 कोरोना संक्रमितों ने जान गंवा दी।
शनिवार को स्वास्थ विभाग की ओर से जारी कोरोना रिपोर्ट के अनुसार मेरठ में आज 879 नये कोरोना संक्रमित मिले हैं। वहीं 19 कोरोना संक्रमितों ने जान गंवा दी। जिले में अब तक 661 कोरोना संक्रमितों की मृत्यु हो चुकी है। आज जिले के विभिन्न अस्पतालोें से 1673 कोरोना संक्रमितों को डिस्चार्ज किया गया है। अब मेरठ में एक्टिव केसों की संख्या 13048 हो गयी है।
गांव में तलाशे जा रहे कोरोना मरीज
ग्रामीण इलाकों में कोरोना संक्रमण को बढ़ने से रोकने के लिये स्वास्थ विभाग की ओर से पिछले सात दिनों से विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
गांव देहात में कोरोना वायरस की चेन तोड़ने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से चलाए जा रहे विशेष अभियान में काफी सफलता मिलती दिखाई दे रही है। पिछले सात दिनों में आंगनबाड़ी, आशा कार्यकर्ताओं द्वारा विकास खंड मेरठ, दौराला, रोहटा, सरधना, मवाना, रजपुरा, सरूरपुर, जानी, खरखौदा हस्तिनापुर, परीक्षितगढ़ में करीब 2.76 लाख घरों में खांसी-बुखार आदि की जांच करने के साथ ब्लाॅकों में एंटीजन व आरटीपीसीआर जांच कर रही है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. अखिलेश मोहन के अनुसार ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों से उनके घरों पर आ रही टीमों को अपने स्वास्थ्य के संबंध में सही जानकारी देने की अपील की गयी है। सीएमओ ने कहा कि इस अभियान को शत प्रतिशत सफल बनाकर ही कोरोना की चेन को तोड़ा जा सकेगा।

