Site icon Buziness Bytes Hindi

कुवैत अग्निकांड में मृतकों की संख्या 50 पहुंची, 40 भारतीय

kuwait

कुवैत में लगी भीषण आग में मरने वालों की संख्या 50 पहुंच गई है। कुवैत में बुधवार सुबह करीब 4:30 बजे 6 मंजिला रिहायशी इमारत में भीषण आग लग गई, मृतकों में 40 भारतीय हैं। भारतीय विदेश मंत्रालय ने भी इतने भारतीयों की मौत की पुष्टि की है, हालांकि अभी तक सिर्फ 5 मृतकों की पहचान हो पाई है, ये सभी पांच केरल के हैं। इनमें एक इंजीनियर और एक ड्राइवर शामिल हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कुवैत में 6 मंजिला एनबीटीसी बिल्डिंग में आग किचन में रखे सिलेंडर की वजह से लगी। किचन ग्राउंड फ्लोर पर था। अचानक सिलेंडर में ब्लास्ट हो गया और ब्लास्ट के बाद किचन में आग लग गई। इस आग ने कुछ ही देर में पूरी बिल्डिंग को अपनी चपेट में ले लिया। आग कुछ ही मिनटों में पूरी बिल्डिंग में फैल गई। जो लोग बाहर निकल पाए, वे बुरी तरह जल गए। बचावकर्मियों का कहना है कि अगर सड़कें संकरी न होतीं, तो जान बच सकती थी।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जिस बिल्डिंग में आग लगी, वह NBTC ग्रुप की है। इसके मालिक भारतीय कारोबारी केजी अब्राहम हैं, जिन्हें भारत में KGA के नाम से जाना जाता है। NBTC ग्रुप एक सुपरमार्केट है, जिसका निर्माण 1977 में हुआ था। KGA इस ग्रुप का पार्टनर और मैनेजिंग डायरेक्टर है। यह कंपनी इंजीनियरिंग, कंस्ट्रक्शन, टेक्निकल सर्विस, हैवी इक्विपमेंट लीजिंग, लॉजिस्टिक्स, होटल, रिटेलिंग आदि का काम करती है। इस कंपनी में करीब 15 हजार लोग काम करते हैं। KGA का केरल में क्राउन प्लाजा नाम से एक 5 स्टार होटल भी है।

आग की सूचना मिलते ही कुवैत के डिप्टी पीएम यूसुफ अल सबाह मौके पर पहुंचे। उन्होंने हालात का जायजा लेने के बाद हादसे की जांच के आदेश दिए हैं, ताकि आग के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की जा सके। भारत के विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन आज सुबह कुवैत के लिए रवाना हुए। आग की घटना पर विदेश मंत्री जयशंकर ने कल रात कुवैती विदेश मंत्री से बात की, जिन्होंने जयशंकर को राहत कार्यों की जानकारी देने के अलावा यह भी आश्वासन दिया कि मामले की जांच की जाएगी और दोषियों को सजा दी जाएगी। मृतकों के शवों को जल्द से जल्द भारत भेजने की मांग की गई है।

Exit mobile version