पीपीई किट पहने हुए था शव फेंकने वाला एक व्यक्ति
सीएमओ ने की कोरोना संक्रमित के शव की पहचान
बलरामपुर। गंगा नदी में मिले शव को लेकर देशभर में हंगामा हुआ था। माना जा रहा था कि यह शव कोरोना संक्रमितों के हैं। इस बात को राज्य सरकारों ने विभिन्न तरीको से गलत ठहराया था। मगर एक वायरल वीडियो में दो लोग राप्ती नदी में शव फेंकते नजर आ रहे हैं जिसने इन दावों को फिर से हवा दे दी है। वहीं शव फेकता एक व्यक्ति पीपीई किट पहने हुए दिख रहा है जो स्वास्थकर्मी माना जा रहा है। सीएमओ बलरामपुर ने शव की पहचान करते हुए उसे कोरोना संक्रमित मरीज का बताया है। इस मामले में कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज करा दिया गया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले के एक वायरल वीडियो में दो युवक एक शव को पुल से राप्ती नदी में फेंकते हुए नजर आ रहे यह वीडियो राप्ती नदी पर बने सिसई घाट पुल की बताई जा रही है और शव फेंकने वाला एक युवक पीपीई किट पहने नजर आ रहा है। सीएमओ डा. विजय बहादुर सिंह के अनुसार फेंका गया शव सिद्धार्थनगर जिले के शोहरतगढ़ के रहने वाले प्रेमनाथ मिश्र का है जिन्हें कोरोना संक्रमण होने के बाद 25 मई को संयुक्त जिला अस्पताल के एल टू वार्ड में भर्ती कराया गया था। सीएमओ का कहना है कि प्रेमनाथ मिश्र के शव को उनके परिवार को सौंप दिया गया था। इस संबंध मेें कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज करा दी गयी है।
वायरल वीडियो में शव फेंकते दिख रहे दो युवकों में से एक ने पीपीई किट पहनी हुई थी। ऐसे में संभावना है कि यह युवक स्वास्थकर्मी हो सकता है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

