- मंत्री नवाब मलिक ने कहा, 5 केसों से हटाया वानखेड़े को
मुंबई। क्रूज ड्रग्स केस में रिश्वत लेने के आरोपों की जांच का सामना कर रहे एनसीबी के जोनल डायरेक्टर अब क्रूज ड्रग्स केस की जांच टीम के मुखिया नहीं रहे। अब एनसीबी के डीडीजी इस जांच टीम को लीड करेंगे। हालांकि समीर वानखेड़े इस टीम में शामिल रहेंगे मगर वह और उनकी जांच टीम के अधिकारी एनसीबी के आॅपरेशंस विंग के डिप्टी डायरेक्टर जनरल संजय सिंह के निर्देशों का पालन करेंगे।
क्रूज ड्रग्स केस में फिल्म अभिनेता शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान को गिरफ्तार करने वाले एनसीबी के जोनल डायरेक्टर समीर वानखेड़े को एनसीपी नेता और महाराष्ट्र सरकार में मंत्री नवाब मलिक ने अपने निशाने पर ले लिया था। वहीं इस मामले में गवाह केपी गोसावी के बाॅडीगार्ड प्रभाकर सैल ने एक हलफनामे में समीर वानखेड़े पर 8 करोड़ रुपए की रिश्वत लेने का आरोप लगाकर सनसनी फैला दी थी। वानखेड़े पर लगे रिश्वत के आरोपों की जांच एनसीबी की विजिलेंस टीम कर रही है। वहीं नवाब मलिक लगातार वानखेड़े पर आरोप लगाकर उनको जांच से हटाने की मांग कर रहे थे।
Read also: पूर्व सीएम के इशारे पर चल रहा है ड्रग्स का खेल
आरोपो से घिरे समीर वानखेड़े को एनसीबी ने क्रूज ड्रग्स केस की जांच टीम को लीड करने की जिम्मेदारी से हटा दिया है। एनसीबी की ओर से बताया गया की साउथ वेस्टर्न रीजन में आर्यन समेत कुल 6 मामलों की जांच अब दिल्ली की टीम करेगी। वहीं एनसीबी के आॅपरेशंस विंग के डिप्टी डायरेक्टर जनरल संजय सिंह ने बयान जारी कर बताया है कि समीर वानखेड़े सहित किसी भी अधिकारी को केस से हटाया नहीं गया है और सभी जांच टीम में शामिल रहेंगे। वह आॅपरेशंस विंग की जांच टीम को लीड करेंगे।
समीर वानखेड़े को आर्यन केस की लीड पोजिशन से हटाये जाने पर मंत्री नवाब मलिक ने कहा कि वानखेड़े को आर्यन खान सहित 5 केसों से हटाये जाना तो सिर्फ शुरूआत है। नवाब मलिक ने कहा कि इस मामले में 26 केसों की जांच भी जरूर होनी चाहिए।
Read also: ड्रग्स केस की जांच भटकाने के लिए बनाई गई मनगढ़ंत कहानी
वहीं समीर वानखेड़े ने ड्रग्स केस की जांच से हटाये जाने की बात को निराधार बताते हुए कहा कि उन्होंनें अदालत में याचिका दायर कर इस मामले की जांच किसी केंद्रीय एजेंसी से कराने की मांग की है। मेरी याचिका के आधार पर ही आर्यन खान और समीर खान (नवाब मलिक के दामाद) मामले की जांच दिल्ली एनबीसी की एसआईटी करेगी।

