महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने मेधावियों को सम्मानित किया
छात्र-छात्राओं को देश और समाज हित में कार्य करने को किया प्रेरित
मुजफ्फरनगर। भारत ही नहीं दुनिया भर में बेटियों ने मान-सम्मान बढ़ाया है। आज बेटियां गौरव का प्रतीक बन रही हैं। महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने कहा कि भारतीय मूल की कमला हैरिस ने अमेरिका की उपराष्ट्रपति बनकर सबको गौरवान्वित किया है। गुरुवार को महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी मुजफ्फरनगर के खतौली स्थित कुंदकुंद जैन डिग्री काॅलेज के वार्षिकोत्सव व सम्मान समारोह में पहुंचे। वहां आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल कोश्यारी ने नवीन भवन का उद्घाटन करने के बाद मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया।
राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि आज के दौर में बेटियां अनेक क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा साबित कर रही है। स्कूल, काॅलेज से लेकर व्यवसाय के क्षेत्र में भी बेटियां कामयाबी हासिल कर रहीं हैं। उन्होंने कहा कि अमेरिका के चुनाव में भारतीय मूल की कमला हैरिस का उपराष्ट्रपति बनना देश व समाज के लिये गौरव की बात है। राज्यपाल ने भारतीय संस्कृति के अलावा शब्दों, नारों में भी नारी को सम्मान दिया गया है। हिंदुस्तान में सब जगह बेटियां सर्वोपरि हो रही है।
युवाओं को प्रेरित करते हुए राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय युवा स्वलंबी बन रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे जिस भी क्षेत्र में रहें वहा अपने प्रयासों से देश और समाज का नाम रोशन करें। कार्यक्रम में विधायक कपिल देव अग्रवाल, उमेश मलिक, काॅलेज प्रबंध समिति के पदाधिकारियों सहित मेधावी छात्र-छात्राओं के अलावा अन्य लोग उपस्थित रहे।

