Site icon Buziness Bytes Hindi

हालात भयावहः उत्तराखंड में मिले 2220 कोरोना संक्रमित


हालात भयावहः उत्तराखंड में मिले 2220 कोरोना संक्रमित

देहरादून। कोरोना संक्रमण के खौफ से थर्रा रहे उत्तराखंड में आज रिकार्ड 2220 नये कोरोना संक्रमित मिलने से हड़कंप मच गया है। यह आंकड़ा कोरोना संक्रमण का प्रसार शुरू होने के बाद से एक दिन में सर्वाधिक नये कोरोना संक्रमित मिलने का हैं। सरकारी आंकड़ों के अनुसार इससे पूर्व पिछले साल 18 सितंबर को 2078 नये कोरोना संक्रमित मिले थे। वहीं आज संक्रमण से प्रभावित 9 मरीजों की मौत हो गयी। उत्तराखंड में बेकाबू हो रहे हालात को थामने के सभी प्रयास बेमानी साबित हो रहे हैं। वहीं राजधानी देहरादून और हरिद्वार कोरोना संक्रमण से सर्वाधिक प्रभावित चल रहे हैं। गुरुवार को देहरादून में 914 और हरिद्वार में 613 नये कोरोना संक्रमित मिले हैं।

गुरुवार को उत्तराखंड स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी कोरोना रिपोर्ट के अनुसार राजधानी देहरादून में 914, हरिद्वार में 613, नैनीताल में 156, यूएस नगर में 131, पौड़ी में 105, टिहरी में 79, अल्मोड़ा में 55, रुद्रप्रयाग में 49, पिथौराढ़ में 29, चम्पावत में 26, चमोली में 25, बागेश्वर में 15 और उत्तरकाशी जिले में 23 नए कोरोना संक्रमित मिले हैं। आज 9 मरीजों की जान संक्रमण के कारण चली गयी। देहरादून में संक्रमण की दर 16.89 प्रतिशत तक पहुंच गयी है।

आज मिले आंकड़ों के बाद राज्य में कोरोना संक्रमितों की संख्या एक लाख 16 हजार के पार पहुंच गई है। राज्य में एक्टिव केस 12 हजार से अधिक हो गये हैं। वहीं कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ने के साथ राज्य में कंटेनमेंट जोन की संख्या भी बढ़कर 67 हो गयी है। देहरादून में सर्वाधिक 33, नैनीताल में 27, हरिद्वार में 6 और पौड़ी में 1 कंटेनमेंट जोन बनाया गया है। राज्य में मरीजों के ठीक होने की दर में गिरावट आयी है और अब यह लगभग 85 प्रतिशत तक पहुंच गयी है।

Exit mobile version