चंपावत। चंपावत विधानसभा सीट उपचुनाव में कल 31 मई को मतदान होगा। चंपावत विधानसभा उपचुनाव के लिए रविवार को चुनाव प्रचार समाप्त हो गया था। आज सोमवार को भाजपा और कांग्रेस ने अपने प्रत्याशियों के लिए घर-घर जाकर जनसंपर्क किया और अपने प्रत्याशी के समर्थन में मतदाताओं से वोट की अपील की। चंपावत उपचुनाव जीतने के लिए भाजपा और कांग्रेस ने पूरी ताकत झोंक दी है।
चंपावत का उपचुनाव जहां भाजपा के प्रतिष्ठा का प्रश्न बना है। वहीं कांग्रेस को इस उपचुनाव में खोने के लिए कुछ नहीं है। अगर कांग्रेस ये उपचुनाव जीत जाती है तो ये प्रदेश की सत्तारूढ़ भाजपा के लिए एक बहुत बड़ा झटका साबित होगा। इस उपचुनाव में भाजपा की ओर से प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मैदान में हैं। कांग्रेस चंपावत उपचुनाव में भाजपा को कड़ी टक्कर दे रही है।
इस सीट पर होने वाले उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी सीएम पुष्कर सिंह धामी और कांग्रेस उम्मीदवार निर्मला गहतोड़ी के बीच सीधा मुकाबला देखने को मिल रहा है। चंपावत उपचुनाव के लिए कल मंगलवार को मतदान होगा। जिसमें 96213 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला ईवीएम में बंद करेंगे। 96213 मतदाताओं में 50171 पुरुष हैं। जबकि चंपावत में महिला मतदाताओं की संख्या 46042 है।
भाजपा प्रत्याशी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सामने कांग्रेस उम्मीदवार निर्मला गहतोड़ी मुकाबले में हैं। जबकि सपा के समर्थित प्रत्याशी मनोज कुमार के अलावा निर्दलीय हिमांशु गड़कोटी भी ताल ठोंक रहे हैं। मतदान कल मंगलवार को सुबह सात बजे से शुरू होगा। जो कि शाम पांच बजे तक चलेगा। निर्वाचन आयोग और प्रशासन ने शांतिपूर्ण, निष्पक्ष मतदान की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली हैं। सभी बूथों पर पोलिंग पार्टियां आज शाम को ही पहुंच गई।

