Site icon Buziness Bytes Hindi

Brazil Cyclone: ब्राजील में चक्रवात से हालात खराब, 24 घंटे में 300 MM बारिश, 21 की मौत

Cyclone

Brazil Cyclone: ब्राजील में चक्रवात से हालात खराब हैं। 24 घंटे के भीतर 300 मिमी बारिश दर्ज की जा चुकी है। बारिश और चक्रवात के चलते 21 लोगों की मौत हो गई है। ब्राजील के रियो ग्रांडे डो सुल के गवर्नर ने चक्रवात को सबसे खतरनाक मौसमी आपदा करार दिया है। अधिकारियों के अनुसार, कई इलाकों में हजारों लोगों को अपने घरों को छोड़कर भागने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।

ब्राजील में चक्रवात की वजह से हुई जबरदस्त बारिश और हवाओं ने कोहराम मचाया है। दक्षिणी ब्राजील में इस प्राकृतिक आपदा के चलते अब कम से कम 21 लोगों की जान जा चुकी है। इसी के साथ लगातार बारिश ने बाढ़ की गति को और तेज कर दिया है। जिससे बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत-बचाव कार्य काफी मुश्किल हो गया है।

ब्राजील के रियो ग्रांडे डो सुल के गवर्नर ने इसे राज्य की सबसे खतरनाक मौसमी आपदा करार दिया है। अधिकारियों के अनुसार, कई इलाकों में लोगों को अपने घरों को छोड़कर भागने के लिए मजबूर होना पड़ा है। आलम ये है कि मुकुम नाम के 5000 की आबादी वाले छोटे शहर में लोग घरों की छतों पर फंसे हुए हैं। इनमें से ज्यादातर को हवाई मदद के जरिए निकाला है। बताया जाता है कि इस शहर का 85 प्रतिशत इलाका बाढ़ के पानी में डूबा है।

ब्राजील राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला डा सिल्वा ने कहा कि संघीय सरकार राज्यों की मदद के लिए तैयार है। रियो ग्रांडे डो सुल के गवर्नर एडुअर्डो लेइटे ने बताया कि राज्य में पिछले 24 घंटे के भीतर 300 मिमी बारिश हुई है। इससे कई स्थानों पर बाढ़ और भूस्खलन हुआ है। राहत-बचाव कर्मियों को लोगों को निकालने के लिए हेलीकॉप्टर का सहारा लेना पड़ रहा है।

फरवरी में आई थी आपदा

ब्राजील के साओ पाउलो राज्य में इस साल भारी बारिश की वजह से बाढ़ और भूस्खलन हुए हैं। तब इस आपदा में 40 लोगों की मौत हुई थी। पिछले साल रेसिफे शहर में बारिश से हुए भूस्खलन में 100 लोगों की जान गई थी। विशेषज्ञों की मानें तो ब्राजील के पास अमेजिन जंगलों की कटाई का असर जलवायु पर पड़ रहा है। जिससे लगातार आ रही प्राकृतिक आपदाएं इसी का नतीजा है।

Exit mobile version