Site icon Buziness Bytes Hindi

Twitter Blue Tick के नाम पर साइबर जालसाजों ने भेजे फर्जी मेल,क्लिक करते ही डाटा हुआ गायब

Twitter Blue Tick

नई दिल्ली। ट्विटर की ओर से ब्लूटिक के लिए मंथली चार्ज की घोषणा के बाद से एनसीआर में साइबर जालसाजों ने भी अपनी कारिस्तानी शुरू कर दी है। साइबर जालसाज ट्विटर अकाउंट वेरीफिकेशन के नाम पर लोगों को फर्जी ई-मेल भेज रहे हैं। भेजे जा रहे ई-मेल में लिंक भी दिया है। जिसे क्लिक करते ही यूजर का डेटा चोरी हो रहा है। इससे लोग साइबर फ्राड का भी शिकार हो रहे हैं। यूपी साइबर पुलिस के पास ऐसी कई शिकायतें सामने आई हैं। पुलिस ने लोगों को इस मामले में सावधान रहने की सलाह दी है।

माइक्रोब्लॉगिंग साइट ट्विटर के नए मालिक मस्क ने ब्लूटिक यूजर्स से मंथली शुल्क लेने की घोषणा की थी। एलन मस्क ने ट्वीट कर अकाउंट वेरीफिकेशन के लिए आठ डॉलर फीस निर्धारित की थी। इससे ट्विटर यूजर्स में खलबली मच गई है।

कोई अपना ब्लू टिक बचाने के लिए तो कोई ब्लू टिक हटाने को लेकर गूगल पर तरह—तरह से सर्च कर रहा है। इसका फायदा साइबर जालसाज उठा रहे हैं। साइबर जालसाजों ने लोगों को फर्जी ई-मेल भेजकर अकाउंट वेरीफिकेशन का झांसा दिया। जिसमें ब्लूटिक बचाने की जानकारी देने की बात की जा रही है।

साइबर जालसाजों द्वारा भेजे ई-मेल में कई लिंक हैं। अगर कोई यूजर्स ई-मेल में दिए लिंक को क्लिक करता है तो उसका डाटा ही साफ हो रहा है। यूपी साइबर क्राइम एसपी प्रोफेसर त्रिवेणी सिंह ने जानकारी दी है कि साइबर क्रिमिनल ब्लूटिक बचाने की जानकारी देने के नाम पर लोगों के पास ईमेल भेज रहे हैं। उसमें दिए लिंक को क्लिक करने के लिए कहते हैं। इस पर भरोसा ना करें और लिंक पर बिल्कुल क्लिक न करें।

साइबर जालसाज ट्विटर यूजर्स को फर्जी ई-मेल भेज यह बता रहे हैं कि अपनी ब्लूटिक बचाने के लिए यहां संपर्क करें। कई बार लोगों से पैसे लिए जा रहे हैं। दरअसल ई-मेल इस तरह से डिजाइन किया हैं कि यूजर्स को इन पर तुरंत भरोसा हो जाए। इस तरह के फर्जी ईमेल गेट ब्लूटिक,ट्विटर वार्निंग, बी वेरीफाइड जैसे नाम से भेजे जा रहे हैं। ट्विटर पर ब्लूटिक बचाए रखने के नाम पर ई-मेल भेजकर लोगों से फ्रॉड करने के कई मामले अभी तक सामने आ चुके हैं।

Exit mobile version