Site icon Buziness Bytes Hindi

उत्तरप्रदेश के हर जिले में खोले जाएंगे Cyber Crime थाना,सीएम योगी ने दिए निर्देश

Cyber Crime:

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज शनिवार को गृह विभाग के साथ बैठक की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश के प्रत्येक जिले में साइबर क्राइम थाना स्थापना के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि साइबर क्राइम पर लगाम लगाने के लिए यह समय की मांग है। उन्होंने कहा कि आज के दौर में साइबर सिक्योरिटी जरूरी विषय हो गया है। पुलिस परिक्षेत्र के बाद अब प्रदेश के प्रत्येक जिले में एक साइबर क्राइम थाना स्थापित किया जाएगा। इस बारे में यथाशीघ्र विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाएगी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में मादक पदार्थों के अवैध निर्माण, खरीद-फ़रोख़्त और ड्रग ट्रैफिकिंग के विरुद्ध अभियान और तेज करने की जरूरत है। इस दृष्टि से संवेदनशील जिलों में सतर्कता और इंटेलिजेंस को बेहतर करना भी जरूरी होगा। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि अंतरराज्यीय व अंतरराष्ट्रीय सीमा पर चौकसी बढ़ाई जाए। गृह विभाग के साथ नगर विकास व ग्राम्य विकास विभाग को इस अभियान में सहयोग करना होगा। बेहतर समन्वय के साथ ड्रग माफिया के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश की सीमाएं नेपाल राष्ट्र के साथ उत्तराखंड, हरियाणा,हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, झारखण्ड, छत्तीसगढ़, बिहार और दिल्ली से लगती हैं। विकास और सुरक्षा के दृष्टि से सीमा प्रबंधन भी अत्यंत महत्वपूर्ण विषय है। सीमावर्ती जिलों में थाना, तहसील, ब्लाक सहित जिला प्रशासन में युवा, विजनरी और ऊर्जावान अधिकारियों की तैनाती होनी चाहिए।

सभी सीमावर्ती जनपदों में केंद्र और राज्य सरकार की लाभार्थीपरक योजनाओं का 100 फीसदी संतृप्तिकरण सुनिश्चित हो। हर पात्र जरूरतमंद को सरकारी योजनाओं का लाभ मिले। इन जिलों में योजनाओं की प्रगति की समीक्षा भी अलग से की जाए।

Exit mobile version