Site icon Buziness Bytes Hindi

ऑस्ट्रेलिया की जीत में कमिंस की हैट्रिक

cummins

टी20 विश्व कप के सुपर आठ चरण के मैच में ऑस्ट्रेलिया ने बांग्लादेश को डकवर्थ लुइस सिस्टम के तहत 28 रनों से हरा दिया. सुपर 8 दौर में ग्रुप 1 के एक अन्य मैच में भारत ने एकतरफा तौर पर अफ़ग़ानिस्तान के खिलाफ मैच को जीता। ऑस्ट्रेलिया-बांग्लादेश का मैच अगर वर्षा से बाधित न होता तो ऑस्ट्रेलिया भी एकतरफा तौर पर इस मैच में जीत की तरफ बढ़ रहा था.

बांग्लादेश ने निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 140 रन बनाए, जिसमें कप्तान नजामुल हुसैन ने सर्वाधिक 41 रन बनाए. बांग्लादेश की ओर से तौहीद हरि डोय ने 40 रन, लैटिन दास ने 16 रन बनाए, जबकि तासीन अहमद 13 रन बनाकर नाबाद रहे, इसके अलावा बांग्लादेश की ओर से कोई भी खिलाड़ी दहाई के आंकड़े में प्रवेश नहीं कर सका.

बाद में लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत तेज रही और दोनों ओपनर डेविड वॉर्नर और ट्रैविस हेड ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की. ऑस्ट्रेलियाई टीम ने 11.2 ओवर में 2 विकेट पर 100 रन बनाए जिसके बाद मैच रोक दिया गया और डीएलएस मेथड के तहत ऑस्ट्रेलिया को विजेता घोषित कर दिया गया. डेविड वार्नर 53 और ग्लेन मैक्सवेल 14 रन पर नाबाद रहे। ऑस्ट्रेलिया के पैट कमिंस ने 3, एडम जाम्पा ने 2 और मिशेल स्टार्क, स्टोइन्स और ग्लेन मैक्सवेल ने एक-एक विकेट लिया।

इस मैच में ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज पैट कमिंस ने कमाल की गेंदबाजी का मुजाहिरा पेश किया। पैट कमिंस ने बांग्लादेश के खिलाफ विकेटों की हैट्रिक ली। इसके साथ ही कमिंस टी20 वर्ल्ड कप में हैट्रिक लेने वाले दूसरे ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज बन गए हैं। कमिंस ने अपने एक ओवर में लगातार 2 विकेट लिए, जबकि तीसरा विकेट अपने अगले ओवर की पहली गेंद पर लिया। टी20 वर्ल्ड कप में पैट कमिंस से पहले पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज ब्रेट ली हैट्रिक लेने का कारनामा कर चुके हैं। वर्ल्ड कप 2007 में ब्रेट ली ने बांग्लादेश के खिलाफ हैट्रिक ली थी। जिसके बाद अब कमिंस ने भी बांग्लादेश के खिलाफ ये कारनामा कर दिखाया है। इस मैच में कमिंस ने गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 29 रन देकर 3 विकेट लिए।

Exit mobile version