विश्विद्यालय अनुदान आयोग (UGC) ने शुक्रवार को कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (CUET UG) के लिये आवेदन की अंतिम तारीख को अब 31 मई कर दिया है, जिससे इस परीक्षा के लिये छूटे छात्रों के पास आवेदन करने के लिये अंतिम मौका अभी बचा हुआ है। जानकारी के अनुसार इस परीक्षा के लिये 11.5 लाख से अधिक उम्मीदवारों ने अपना रजिस्ट्रेशन करवाया हुआ है, जिसमें से 9 लाख से अधिक लोंगो ने इस परीक्षा का भुगतान भी कर दिया है।
दूसरी तरफ CUET UG 2022 देश की सबसे बड़ी परीक्षा बन गयी है, जिसके लिये अधिकाधिक छात्रों ने अपना रजिस्ट्रेशन कराया है। वहीं जिन उम्मीदवारों ने अपना रजिस्ट्रेशन स्नातक के पाठ्यक्रमों के लिये नहीं कर पाया है, वह अब cuet.samarth.ac.in पर जाकर अपना आवेदन कर सकते हैं। इसके बाबत जानकारी देते हुये UGC के अध्यक्ष एम जगदीश कुमार ने कहा कि CUET UG 2022 के लिये आवेदन पत्र जमा करने के अवसर देने के संबंध में उम्मीदवारों से प्राप्त आवेदनों के मद्देनजर इस तिथि को और बढ़ा दिया गया है, जहाँ अब उम्मीदवार 27 मई की जगह 31 मई तक इसके लिये आवेदन कर सकेंगे।
वहीं राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) द्वारा इसकी परीक्षा तिथि की कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गयी है, वहीं यह माना जा रहा है कि इन परीक्षाओं का आयोजन जुलाई माह में होगा, जब छात्रों की बोर्ड परीक्षाएं समाप्त हो जायेगी।

