Site icon Buziness Bytes Hindi

उत्तराखंड में कोरोना का कोप, 118 संक्रमितों की मौत


उत्तराखंड में कोरोना का कोप, 118 संक्रमितों की मौत

मंगलवार को राज्य में मिले 7120 नये कोरोना संक्रमित

देहरादून। उत्तराखंड पर कोरोना का कोप जारी है और मंगलवार को राज्य में 7120 नये कोरोना संक्रमित मिलने से सरकार की चिंताएं बढ़ गयीं हैं। वहीं आज कोरोना ने 118 संक्रमितों की जान ले ली। राजधानी देहरादून कोरोना से सर्वाधिक प्रभावित है और आज जिले में 2201 कोरोना मरीज मिले हैं। सर्वाधिक 69 मरीजों की मौत देहरादून जिले में हुई हैं।

मंगलवार को स्वास्थ विभाग की ओर से जारी कोरोना रिपोर्ट के अनुसार देहरादून में 2201, नैनीताल में 1152, यूएस नगर में 813, हरिद्वार में 649, उत्तरकाशी में 586, रुद्रप्रयाग में 368, पौड़ी में 329, अल्मोड़ा में 302, टिहरी में 296, पिथौरागढ़ में 165, चमोली में 155, चम्पावत में 80, बागेश्वर में 24 नये कोरोना संक्रमित मिले हैं। 7120 नये कोरोना संक्रमितों के साथ राज्य में एक्टिव मरीजों की संख्या 76500 हो गई है। आज 118 कोरोना मरीजों की मौत होने के बाद कोरोना से जान गंवाने वालों का आंकड़ा 4014 हो गया है। वहीं उत्तराखंड में कोरोना संक्रमण की दर 6.25 प्रतिशत हो गई है। राज्य में कंटेनमेंट जोन की संख्या भी बढ़कर 422 हो गयी है।

प्रदेशवासियों को आइवरमेक्टिन टेबलेट देने का निर्णय
उत्तराखंड सरकार ने कोरोना की प्रारंभिक रोकथाम के लिए राज्य स्तरीय क्लीनिकल टेक्निकल कमेटी की संस्तुति के बाद सभी प्रदेशवासियों को आइवरमेक्टिन टेबलेट देने का निर्णय लिया है। 15 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्तियों को यह टेबलेट तीन दिन तक प्रतिदिन सुबह शाम लेनी होगी। 10 से 15 आयुवर्ग के बच्चों को खाने के बाद एक टेबलेट तीन दिन तक लेनी होगी। दो से 10 वर्ष तक के बच्चों को चिकित्सक की सलाह पर यह दवा दी जाएगी। दो वर्ष से कम आयु के बच्चों और गर्भवती महिलाओं को यह टेबलेट नहीं दी जाएगी। इसके लिए जिला स्तर पर इसकी खरीद कर एक व्यक्ति के लिए छह टेबलेट के हिसाब से चार व्यक्तियों के परिवार के लिए 24 टेबलेट का किट तैयार किया जाएगा। मुख्य सचिव ओमप्रकाश ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि इन टेबलेट की खरीद कर संपूर्ण जिले में इनका वितरण सुनिश्चित किया जाए।

Exit mobile version