सौ से अधिक लोग नहीं हो सकेंगे कार्यक्रम में शामिल
कोविड-19 गाईडलाइन का सभी को करना होगा पालन
न्यूज डेस्क। हर साल की तरह इस बार भी नये साल पर जश्न मनाने की तैयारियों में जुटे होटल, रेस्टोरेंट और माॅल इंडस्ट्री को सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन से बड़ा झटका लगा है। ब्रिटेन में कोरोना का नया स्ट्रेन सामने आने के बाद यूपी सरकार ने अतिरिक्त सावाधानी बरतते हुए नये साल के जश्न को कई बंदिशों में बांध दिया है।
वहीं लगभग तीन चैथाई साल कोरोना संक्रमण के खौफ में गुजारने वाले लोग भी नये साल की शुरूआत धूम-धड़ाके से करना चाहते थे। मगर सरकार द्वारा जारी गाईडलाइन के अनुसार अब किसी भी समारोह में सौ से अधिक लोग शामिल नहीं हो सकेंगे। वहीं लोगांे को कोविड-19 की गाइडलाइन का भी पूरी तरह से पालन करना होगा।
साल 2020 कोरोना के खौफ के बीच गुजरा। ऐसे में नये साल से लोगों को उम्मीदें हैं कि साल 2021 में न सिर्फ कोरोना का खात्मा होगा बल्कि जीवन में फिर से खुशहाली आयेगी। लोगों ने नये साल का स्वागत खुशियां मनाते हुए करने की ठानी थी। वहीं संक्रमण काल से गुजर रही प्रदेश की होटल, रेस्टोरेंट और माॅल इंडस्ट्री को भी नये साल पर संजीवनी मिलने की आशा थी।
मगर ब्रिटेन में पाये गये कोरोना वायरस के नये स्ट्रेन ने केंद्र और राज्य सरकारों को सचेत कर दिया है। ऐसे में यूपी सरकार ने नववर्ष के कार्यक्रम में अधिकतम सौ लोगों के शामिल होने की बंदिश लागू कर दी है। सामूहिक कार्यक्रम आयोजित करने से पहले पुलिस-प्रशासन से अनुमति लेना अनिवार्य है। वहीं आयोजन में कोविड-19 के नियमों जैसे सामाजिक दूरी बनाये रखना और माॅस्क पहनना जरूरी होगा।
यूपी पुलिस नये साल पर ड्रोन से कार्यक्रमों पर निगाह रखेगी। वहीं 31 दिसंबर को वाहनों की चेकिंग करने, शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई करने के निर्देश भी दिये गये है। यदि कोई आयोजन बिना पुलिस-प्रशासन की अनुमति के होता मिला तो सख्त कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश जारी किये गये हैं।
