नई दिल्ली। कोरोना के नए मामलों में तेजी से बढ़ोत्तरी हो रही है। इस समय कोरोना संक्रमितों की संख्या 12 हजार के पार पहुंच चुकी है। आज सोमवार को पिछले 24 घंटे के भीतर कोरोना के 12,781 नए मरीज मिले हैं। जबकि 24 घंटे में कोरोना से 18 मौतें हो चुकी हैं। हालांकि नए केसों में पहले के मुकाबले आज कुछ मामूली कमी आई है। इससे पहले रविवार को 12,899 मरीज सामने आए थे। इस समय सक्रिय मरीजों की संख्या 4226 बढ़कर 76,700 हो गई। प्रतिदिन संक्रमण की दर 4.32 प्रतिशत है। जबकि साप्ताहिक संक्रमण दर इस समय 2.62 प्रतिशत है। वहीं कोरोना संक्रमण से ठीक होने वालों की संख्या पिछले 24 घंटे के भीतर 8,537 रही है। कोरोना से ठीक होने वाले मरीजों में सर्वधिक महाराष्ट्र के 3085 हैं। इसके बाद दूसरे नंबर पर केरल के 2204 मरीज ठीक हुए। जबकि तीसरे नंबर पर दिल्ली में 1104 मरीज कोरोना संक्रमण से ठीक हुए है। देश में रिकवरी रेट इस समय 98.61 फीसदी है।
Read also: Cervical Cancer Vaccine: सर्वाइकल कैंसर से बचाव करेगी सीरम इंस्टीटयूट की देशी वैक्सीन सर्वावैक
एक्टिव केसों की संख्या 0.18 प्रतिशत बनी है। पिछले 24 घंटे में सबसे अधिक एक्टिव केस 1161 केरल में मिले हैं। उसके बाद महाराष्ट्र 918, तमिलनाडु 449, दिल्ली 423 सक्रिय केस दर्ज हुए हैं। देश में इकलौता राज्य मिजोरम ऐसा रहा है जहां एक्टिव केसों में तेजी से कमी आ रही है। कोरोना से हुई मौतों की बात करें तो अब तक हुई 18 मौतों में 11 मौतें वो हैं जो केरल में हुईं लेकिन रिकॉर्ड में नहीं दर्ज की गई थी। इसके अलावा दिल्ली में तीन और कर्नाटक, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल और पंजाब में एक—एक व्यक्ति की मृत्यु हुई। रिकॉर्ड के अनुसार अब तक 5,24,873 कोरोना संक्रमितों की मौत हो चुकी है। देश की राजधानी दिल्ली में कोरोना संक्रमित 1530 नए मरीज मिले जिसमें से तीन की मौत हो चुकी है। इस समय संक्रमण दर बढ़कर 8.41 प्रतिशत हो गई। इस समय संक्रमण दर 28 जनवरी के बाद इस समय सबसे अधिक है। दिल्ली में लगातार पांचवां दिन है जबकि कोरोना मामले 1300 से अधिक पाए गए हैं।
