Site icon Buziness Bytes Hindi

Corona Update : हापुड़ में कोरोना संक्रमित 22 नए रोगी मिले, एक रोगी की मौत


Corona Update : हापुड़ में कोरोना संक्रमित 22 नए रोगी मिले, एक रोगी की मौत

हापुड़। जनपद में गुरुवार को कोरोना संक्रमित 22 नए रोगी मिले हैं। इस दौरान एक कोरोना संक्रमित की दिल्ली में उपचार के दौरान मौत हो गई। जनपद में कोरोना संक्रमित रोगियों की कुल संख्या बढ़कर 975 हो गई है, जिनमें से 730 रोगी स्वस्थ होकर अपने घर लौट चुके हैं। कोरोना के संक्रमण के कारण जनपद में मरने वालों की संख्या 20 हो गई है।

मुख्य चिकित्साधिकारी डा. रेखा शर्मा ने बताया कि जनपद में गुरुवार को कोरोना से संक्रमित 22 नए रोगी पाए गए। मोहल्ला पक्का बाग निवासी महेन्द्र अग्रवाल की गुरुवार को कोरोना संक्रमण के कारण दिल्ली के अपोलो अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। कुछ दिन पहले उनके भाई का भी कोरोना संक्रमण के कारण निधन हो गया था। गुरुवार को मिले सभी कोरोना संक्रमित रोगियों को आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कर उनका उपचार शुरू कर दिया गया है।

उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीमें प्रतिदिन जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर रही हैं। कोरोना के लक्षण पाए जाने पर उनके सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि जनपद में कोरोना से संक्रमित होने वाले रोगियों की कुल संख्या 975 हो गई है। इनमें से 730 कोरोना संक्रमित रोगी स्वस्थ होकर अपने घर लौट चुके हैं, जबकि बीस रोगियों की कोरोना के प्रकोप से मौत हो चुकी है। वर्तमान में जनपद में कुल 215 कोरोना संक्रमित रोगी उपचाराधीन हैं।

उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि कोई व्यक्ति किसी कोरोना संक्रमित रोगी के संपर्क में आया हो तो, वह तत्काल स्वास्थ्य विभाग, स्थानीय प्रशासन, उनके कार्यालय के नियंत्रण कक्ष के फोन नंबर 01222960263 अथवा जनपद प्रशासन के नियंत्रण कक्ष के फोन नंबर 01222304834 पर सूचित कर दें। सूचना मिलते ही उसका स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाएगा। उन्होंने लोगों से सार्वजनिक स्थानों पर मास्क का प्रयोग करने और आपस में दूरी बनाए रखने के नियम का पालन करने की अपील भी की।

Exit mobile version