10768 हो गये हैं जिले में कोरोना एक्टिव केस
अस्पतालों में जगह नहीं, मरीजों को लेकर भटक रहे तीमारदार
प्रयागराज। मंगलवार को प्रयागराज जिले में 1870 नये कोरोना संक्रमित मिलने के साथ जिले में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 41564 हो गया है। वहीं जिले में अब कोरोना एक्टिव केस 10768 हो गये हैं। आज 367 लोगों को विभिन्न अस्पतालों से डिस्चार्ज किया गया जिन्हें मिलाकर कोरोना को मात देने वालो का आंकड़ा 30325 हो गया है। वहीं आज 8 कोरोना संक्रमितों की मौत हो जाने से संक्रमण के कारण जान गंवाने वालों की संख्या 471 हो गयी है। (आंकड़ों का स्रोतः कोविड19इंडिया.ओआरजी )
उत्तर प्रदेश के कुछ जिलोें में कोरोना संक्रमण के तेजी से फैलने पर चिंता जताते हुए मंगलवार को इलाहाबाद हाईकोर्ट ने उत्तर प्रदेश सरकार को पूर्ण लाॅकडाउन पर विचार करने का निर्देश दिया है। हाईकोर्ट ने कहा है कि कोरोना से सर्वाधिक प्रभावित नगरों में 2 से 3 सप्ताह के लिये लाॅकडाउन लगाये जाने पर विचार किया जाना चाहिये।
एसआरएन और बेली में ओपीडी बंद होने से आम मरीज परेशान
कोरोना संक्रमण के तेज होते प्रसार के चलते सरकारी और निजी अस्पतालों को कोविड अस्पताल मेें तब्दील कर दिया गया है। इन अस्पतालों में ओपीडी बंद होने के कारण अन्य रोगों से पीड़ित मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अब सिर्फ काॅल्विन अस्पताल में सामान्य मरीजों को देखा जा रहा है। डाॅक्टरों और चिकित्सा संसाधनों की भारी कमी का सामना कर रहे काॅल्विन अस्पताल पर काफी लोड आ गया है। लेकिन काॅल्विन अस्पताल में मरीजों की संख्या बढ़ने के साथ कोरोना संक्रमण का प्रसार तेज होने की आशंका भी बनी हुई है। अस्पताल प्रबंधन ने मरीजों से बेहद जरूरी होने पर ही अस्पताल आने की अपील की है। साथ ही मरीजों से कोविड-19 संक्रमण से बचाव के लिये अतिरिक्त सुरक्षा बरतने की अपील भी की है।

