- मंगलवार को जिले में 3 कोरोना संक्रमितों ने गंवाई जान
- कोरोना संक्रमण से कुल 424 मरीजों की हो चुकी है मौत
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के जिला प्रयागराज पर अब कोरोना का राज हो गया है। दिन-प्रतिदिन कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ती जा रही है। आज मंगलवार को जिले में रिकार्ड 1084 नये कोरोना संक्रमित मिले और तीन लोगों ने संक्रमण से जान गंवा दी। होली के बाद जिले में कोरोना संक्रमण को प्रसार बेहद तेज हुआ है और संक्रमण को रोकने के लिये प्रशासन द्वारा किये जान रहे तमाम उपाय बेमानी साबित हो रहे हैं।
प्रयागराज में मंगलवार को मिले 1084 नये कोरोेना संक्रमितों को मिलाकर जिले में कुल कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 32672 हो गया है। वहीं अब जिले में एक्टिव केस 2973 हो गये हैं। आज जिले के विभिन्न अस्पतालों से 20 लोगों के डिस्चार्ज होने के बाद जिले में कोरोना से मुक्ति पाने वालों की संख्या 29249 हो गयी है। वहीं आज कोरोना संक्रमण से 3 लोगों की मौत हो जाने के बाद संक्रमण से जान गंवाने वालों का आंकड़ा 424 हो गया है।
रविवार को जिले में हाॅट स्पाॅट की संख्या 653 और एक्टिव मरीज 1879 हो गये थे। वहीं सोमवार को 652 नए कोरोना मरीज मिले और चार संक्रमितों की मृत्यु हो गयी थी। अब मंगलवार को आये रिकार्ड मरीजों ने हालात बेकाबू होने की ओर इशारा कर दिया है। माना जा रहा है कि संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिये प्रशासन अब सख्त कदम उठा सकता है। प्रशासन द्वारा मास्क न लगाने वालों के खिलाफ अभियान चलाने और नाइट कफ्र्यू लगाने की संभावनाएं भी जतायीं जा रही हैं। गौरतलब है कि कोरोना की दूसरी लहर ने होली के बाद जिले में हालात भयावह कर दिये हैं। नये मिले कोरोना संक्रमितों में बिना लक्षण वाले मरीज भी मिलने से प्रशासन की चिंताएं बढ़ गयी हैं। वर्तमान में सक्रिय केसों में अनेक मरीजों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

