Site icon Buziness Bytes Hindi

मस्ती में डोले आईआईएमटी लाइफ लाइन हाॅस्पिटल में भर्ती कोरोना मरीज


मस्ती में डोले आईआईएमटी लाइफ लाइन हाॅस्पिटल में भर्ती कोरोना मरीज

आईआईएमटी लाइफ लाइन हाॅस्पिटल के कोविड वार्ड का वीडियो हो रहा वायरल
बम-बम भोले पर डाॅक्टर ने किया डांस तो खुद को रोेक न पाये कोविड मरीज

मेरठ। कोविड वार्ड में पीपीई किट पहने हुए डांस करती डाॅक्टर, बम-बम भोले गाने पर मस्ती में झूमते कोविड मरीज, उत्साह से परिपूर्ण कोविड वार्ड में कोरोना को हराने का संकल्प लिये ऊर्जावान मरीज, हर हाल में कोरोेना पर जीत हासिल करने का जज्बा और उनका उपचार करने वाली डाॅक्टर के गानों पर झूमने से परिवार जैसा माहौल महसूस करते मरीजों के खुशी से खिले चेहरे। यह नजारा है मेरठ के गंगानगर स्थित आईआईएमटी लाइफ लाइन हाॅस्पिटल के कोविड वार्ड का जहां मेडिकल स्टाफ से लेकर मरीज तक के मन में है कोरोना को पराजित करने का जज्बा। कोविड वार्ड में भर्ती मरीजों को यहां का पारिवारिक माहौल परिवार की कमी का अहसास नहीं होने दे रहा। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में झूमती डाॅक्टर और उनके साथ मस्ती में डोलते मरीज देेखकर यह अहसास हो रहा है कि कोेरोेना पर हम जीत जरूर हासिल करेंगे।

अस्पताल में भर्ती कोविड मरीजों को लेकर उनका परिवार बेहद परेशान रहता है। मरीज कैसा है, कैसे रह रहा है, अकेलेे रहते हुए परेशान तो नहीं हो रहा जैसे अनेक सवाल परिवार को चिंतित करते हैं। मगर सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे मेरठ के गंगानगर स्थित आईआईएमटी लाइफ लाइन हाॅस्पिटल के कोविड वार्ड का वीडियो देखकर निःसंदेह मरीजो के परिवार की चिंताएं दूर हो जायेंगी। पीपीई किट पहनी डाॅक्टर ने जब बम-बम भोले गाने पर डांस किया तो कोविड वार्ड में भर्ती मरीज भी मस्ती में झूमते दिखाई दिये। खुशी से खिले मरीजों के चेहरे पर बीमारी का अहसास तक दिखाई नहीं दिया। कोविड वार्ड में मानो कोरोना का नामो-निशां तक नहीं था। अगर कुछ दिख रहा था तो बस मरीजों में कोरोेना को हराने का जज्बा, मरीजों को बीमारी के अहसास से दूर कर उनमें उत्साह का संचरण करता मेडिकल स्टाफ, अस्पताल के गंभीर माहौल के विपरित चारों ओर बिखरी खुशियां।

गाने पर झूमते मरीजों को देखकर जहां मरीजों के परिवार भी खुश हैं वहीं अपने यहां भर्ती मरीजों के चेहरे पर खुशियां बिखरी देखकर मेडिकल स्टाफ भी बेहद उत्साहित है। आईआईएमटी लाइफ लाइन हाॅस्पिटल में कोविड वार्ड की जिम्मेदारी संभाल रहे डा.अधीर कुमार पांडे कहना है कि, कोरोेना पर जीत हासिल करने के लिये मरीज को मानसिक रूप से स्वस्थ रहना बेहद आवश्यक है। इसलिये आईआईएमटी लाइफ लाइन हाॅस्पिटल के कोविड वार्ड में भर्ती मरीजों को विभिन्न माध्यमों से उत्साहित कर उनमें ऊर्जा का संचरण किया जाता है। इससे मरीजों में कोरोेना को हराने का जज्बा उत्पन्न होता है जो उन्हें जल्द स्वस्थ करने में मदद करता है।

Exit mobile version