7 कोरोना मरीजों ने गंवाई जान, एक्टिव केस हुए 12510
मेडिकल काॅलेज में महिला की मौत पर हंगामा, हाथापाई
मेरठ। जनपद मेरठ में कोरोना का कोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। आज शनिवार को जिले में 1236 नये कोरोना संक्रमित मिले और 7 कोरोना मरीजों की मौत हो गयी। बीमार लोगों को उपचार के लिये अस्पताल में जगह नहीं मिल पा रही है। हालांकि प्रशासन का दावा है कि हालात काबू में हैं लेकिन अस्पतालों के बाहर जमा भीड़ और मरीज को एडमिट करने की गुहार लगाते तीमारदार इन दावों को बेमानी साबित कर रहे हैं।
शनिवार को मेरठ जनपद में 1236 नये कोरोना संक्रमित मिलने के साथ जिले में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 45583 हो गया है। वहीं जिले में अब कोरोना एक्टिव केस 12510 हो गये हैं। आज 1398 लोगों को विभिन्न अस्पतालों से डिस्चार्ज किया गया जिन्हें मिलाकर कोरोना को मात देने वालो का आंकड़ा 32558 हो गया है। वहीं आज 7 कोरोना संक्रमितों की मौत हो जाने से संक्रमण के कारण जान गंवाने वालों की संख्या 515 हो गयी है। (आंकड़ों का स्रोतः कोविड19इंडिया.ओआरजी)
महिला मरीज की मौत के बाद मेडिकल इमरजेंसी में हंगामा
लाला लाजपत राय मेडिकल काॅलेज में एक महिला मरीज पिछले पांच दिन से मेडिकल काॅलेज की इमरजेंसी में भर्ती थी। कोविड पेशेंट महिला का ऑक्सीजन लेवल लगातार डाउन होता जा रहा था। शनिवार दोपहर महिला मरीज की मौत होने के तीमारदारों ने इमरजेंसी में मौजूद डाॅ अरुणा पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हाथापाई करनी शुरू कर दी। मेडिकल स्टाफ और सुरक्षा गार्डों ने मृतका के परिजनों को इमरजेंसी से बाहर निकाला। मेडिकल काॅलेज के प्राचार्य डाॅ ज्ञानेंद्र कुमार का कहना है कि एक मरीज के साथ चार-चार तीमारदारो के इमरजेंसी में मौजूद रहने के कारण व्यवस्था बिगड़ रही है। इस मामले में प्रशासनिक अधिकारियों से शिकायत कर कार्यवाही की जा रही है।

