589 नए संक्रमित मिले, 31 की मौत
देहरादून। कोरोना संक्रमण के कोप से उत्तराखंड को निजात मिलती जा रही है मगर राज्य में कोरोना के कारण हो रही मौतें अब भी चिंता का कारण बनी हुई है। संक्रमण से दम तोड़ते मरीजों की जान बचाने का हर संभव प्रयास भी आशातीत परिणाम नहीं दे रहा है। गुरुवार को भी कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा कम रहा और राज्य में 589 नये मरीज मिले हैं। मगर आज 31 संक्रमितों के दम तोड़ देने से परेशानी कायम है। हालांकि नये मरीजों के मुकाबले 5.7 गुना मरीज स्वस्थ हुए हैं।
बुधवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी कोरोना रिपोर्ट के अनुसार देहरादून में 136, हरिद्वार में 104, नैनीताल में 75, पिथौरागढ़ में 22, टिहरी में 21, चमोली में 50, अल्मोड़ा में 46, पौड़ी में 12, रुद्रप्रयाग में 13, ऊधमसिंह नगर में 70, उत्तरकाशी में 21, बागेश्वर में 17, चंपावत में 2 नये कोरोना संक्रमित मिले हैं। 589 नये मरीजों के मुकाबले आज 3354 मरीजों ने कोरोना को मात दी है। प्रदेश में अब तक 332067 लोग संक्रमण का शिकार हो चुुके हैं। लेकिन कोरोना का कोप कम होने के साथ रिकवरी दर बढ़कर 89.48 प्रतिशत और संक्रमण दर घटकर 6.80 प्रतिशत हो गई है। वहीं, सक्रिय मामलों की संख्या भी घटकर 22530 हो गयी है। आज हुई 31 मौतों के बाद कोरोना से जान गंवाने वालों का आंकड़ा 6573 हो गया है।
युवाओं को लगेगी 45 प्लस की वैक्सीन
केंद्र की ओर से 45 से अधिक आयु वर्ग के लिए नियमित रूप से कोरेाना वैक्सीन भेजी जा रही है। लेकिन राज्य में 18 से 44 आयु वर्ग के लिए वैक्सीन खत्म हो गयी है। जबकि प्रदेश में 45 से ऊपर श्रेणी के लिए पर्याप्त टीके उपलब्ध हैं। ऐसे में राज्य सरकार ने 45 से अधिक आयु वर्ग के कोटे की वैक्सीन 18 से 44 आयु वर्ग को भी लगाने का निर्णय लिया है।

